श्रद्धा का चेहरा देखा करता था आफताब, कटा हुआ सिर रखा था फ्रिज में : सूत्र
punjabkesari.in Tuesday, Nov 15, 2022 - 03:40 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली में दिल दहला देने वाले श्रद्धा हत्याकांड में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। आरोपी आफताब अमीन पूनावाला हत्या के बाद भी अपनी गर्लफ्रेंड का चेहरा देखा करता था क्योंकि उसने श्रद्धा का कटा हुआ सिर भी फ्रिज में रखा हुआ था। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, आफताब उसी कमरे में सोया करता था, जहां उसने श्रद्धा के शव के टुकड़े किए थे।
दिल्ली पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है क्या आफताब अमीन पूनावाला ने कत्ल की साजिश बनाने के बाद उसे अंजाम देने के लिए दिल्ली के छतरपुर इलाके में मकान किराए पर लिया था। आफताब को छह महीने पहले अपनी लिव-इन गर्लफ्रेंड श्रद्धा वॉकर का कत्ल करने, उसके शव के 35 छोटे-छोटे टुकड़े करने और उन्हें रात के अंधेरे में ठिकाने लगाने के आरोपों में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि आफताब एक फूड ब्लॉगर रहा है, जो दिल्ली के कॉल सेंटर में काम किया करता था। पुलिस के अनुसार, आफताब और श्रद्धा के बीच अक्सर झगड़े हुआ करते थे।
पुलिस सूत्रों ने समाचार एजेंसी ANI को बताया कि आफताब और श्रद्धा की मुलाकात एक डेटिंग ऐप के जरिये हुई थी, वे 2019 से रिश्ते में थे, और इसी साल दिल्ली आए थे। इससे पहले, दोनों महाराष्ट्र में थे। खबरों के मुताबिक, आफताब और श्रद्धा अलग-अलग जगहों पर घूमने जाया करते थे, और मार्च-अप्रैल में वे हिल स्टेशनों पर गए थे। मई में वे हिमाचल प्रदेश गए थे, जहां उनकी मुलाकात दिल्ली के छतरपुर में रहने वाले एक शख्स से हुई।
दिल्ली आने के बाद वे दोनों पहले उसी शख्स के घर पर रहे। बाद में आफताब ने छतरपुर में ही मकान किराये पर ले लिया, और श्रद्धा के साथ वहां शिफ्ट कर गया. श्रद्धा को कथित रूप से 18 मई को छतरपुर के इसी फ्लैट में गला दबाकर मारा गया. पुलिस को पता चला है कि मकान को हत्या से कुछ ही दिन पहले किराये पर लिया गया था। पुलिस सूत्रों का कहना है, "यह भी तफ्तीश का मुद्दा है कि क्या आफताब ने पहले से ही श्रद्धा के कत्ल की साज़िश रच रखी थी..." पुलिस को पता चला है कि आफताब ने ग्रेजुएशन भी मुंबई से ही किया था, और उसका परिवार भी मुंबई में ही रहता है।