ABVP ने BBC डॉक्यूमेंट्री के जवाब में दिखाई ''द कश्मीर फाइल्स''...हैदराबाद यूनिवर्सिटी में मचा बवाल

punjabkesari.in Friday, Jan 27, 2023 - 09:45 AM (IST)

नेशनल डेस्क: हैदराबाद विश्वविद्यालय में गुरुवार को ‘स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया' (SFI) ने 2002 के गुजरात दंगों पर आधारित BBC के विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग का आयोजन किया। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की छात्र शाखा ABVP ने विश्वविद्यालय परिसर में विवादास्पद फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स' का प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार ने BBC डॉक्यूमेंट्री ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन' के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।

 

SFI ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए कहा, ‘‘SFI के आह्वान पर गणतंत्र दिवस पर आयोजित डॉक्यूमेंट्री  ‘इंडिया: द मोदी क्वेश्चन' की सफल स्क्रीनिंग की झलकियां। इसे देखने के लिए 400 से अधिक छात्र आए, जिन्होंने दुष्प्रचार और अशांति पैदा करने के ABVP के प्रयासों को विफल कर दिया। एसएफआई छात्र समुदाय को सलाम करता है जो अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और परिसर में लोकतंत्र के लिए खड़े हुए हैं।'' इसके जवाब में एबीवीपी के छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में ‘द कश्मीर फाइल्स' का प्रदर्शन किया।

 

बता दें कि विवेक अग्निहोत्री द्वारा लिखित और निर्देशित यह फिल्म पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों द्वारा कश्मीरी हिंदुओं की हत्याओं के बाद कश्मीर से कश्मीरी हिंदुओं के पलायन को दर्शाती है। बीबीसी ने ‘इंडिया : द मोदी क्वेश्चन' शीर्षक से दो भाग में एक नई श्रृंखला तैयार की है। बीबीसी का दावा है कि यह सीरीज गुजरात में 2002 में हुए दंगों के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करती है। गुजरात दंगे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News