छात्रों की गिरफ्तारी के लिए कालेज पहुंची पुलिस पर पत्थराव, हिंसक झड़पों में 20 घायल

punjabkesari.in Saturday, Apr 15, 2017 - 06:13 PM (IST)

श्रीनगर  :  दक्षिण कश्मीर में पुलवामा जिला में शनिवार को सरकारी डिग्री कॉलेज के कुछ छात्रों को गिरफ्तार करने आए पुलिस और सी.आर.पी.एफ. के संयुक्त दल पर छात्रों ने विरोध करते हुए पत्थराव किया। प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाबलों के बीच हिंसक झड़पों के दौरान छात्राओं सहित कम से कम 20 छात्र घायल हो गए।


जानकारी के अनुसार आज दोपहर 1.30 बजे पुलिस और सी.आर.पी.एफ. का संयुक्त दल डिग्री कॉलेज में पत्थराव और प्रदर्शनों में शामिल छात्रों को गिरफ्तार करने के लिए पहुंचा। जैसे ही सुरक्षाबलों के वाहन कॉलेज में दाखिल हो गए छात्रों ने विरोध किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज के बाहर सुरक्षाबलों पर पत्थराव शुरु कर दिया। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया। लेकिन सुरक्षाबलों की कार्रवाई का छात्रों पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होने पत्थराव जारी रखा। वहीं, सुरक्षाबलों को बाद में प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए पैलेट गन का इस्तेमाल करना पडा। दोनो पक्षों के बीच झड़पों में छात्राओं सहित कम से कम 20 लोग घायल हो गए। घायलों में से एक जीशान अहमद निवासी कोयल पुलवामा के सिर में चोट लगने से उसको उपचार के लिए श्रीनगर के अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया।

 

 अस्पताल पहुंचाए गए घायल

जिला अस्पताल पुलवामा के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा कि अभी तक अस्पताल में 15 घायलों को प्राप्त किया गया जिनमें से एक की आंखों में पैलेट लगे हैं। सिर में आंसूगेस का गोला लगने से एक अन्य घायल को श्रीनगर के एस.एम.एच.एस. अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि शेष सभी घायलों की हालत स्थिर हैं।
डॉक्टर ने कहा कि इस वक्त अस्पताल में गड़बड़ी है। छात्रों ने घायलों को यहां लाया और सुरक्षाबलों ने उनका पीछा किया। वहीं, अस्पताल के परिसर के अंदर छात्रों और बाहर सुरक्षाबलों के बीच झड़पें हो रही हैं।

पुलिस ने दिया बयान
इससे पहले सूत्रों ने कहा कि पुलिस ने कॉलेज परिसर के बाहर नाका स्थापित किया था जिसके खिलाफ छात्रों ने मार्च निकाला। प्रदर्शन कर रहे छात्रों को खदेडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस का इस्तेमाल किया जिसके बाद छात्रों ने उनपर पत्थराव किया। दोनो पक्षों के बीच झड़पों में 20 लोग घायल हो गए। जिला के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि छात्रों ने नाका पार्टी पर पत्थराव किया जिसके बाद दोनो पक्षों के बीच झड़पें हुई।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News