WhatsApp बंद! अब इस देश में नहीं चला पाएंगे व्हाट्सएप, लगा टोटल बैन, मचा हड़कंप, जानें क्यों?
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 11:12 AM (IST)
WhatsApp Ban in Russia : रूस और अमेरिकी टेक कंपनियों के बीच जारी कोल्ड-वॉर अब अपने चरम पर पहुंच गई है। दुनिया के सबसे लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने दावा किया है कि रूसी सरकार ने उसकी सेवाओं को देश में पूरी तरह से ब्लॉक करने की कोशिश की है। रूस के संचार नियामक 'रोसकोमनाडज़ोर' (Roskomnadzor) द्वारा व्हाट्सएप को ऑनलाइन डायरेक्टरी से हटाए जाने के बाद अब वहां के लाखों यूजर्स के सामने कनेक्टिविटी का संकट खड़ा हो गया है।
क्यों भिड़े रूस और व्हाट्सएप?
रूस और यूक्रेन युद्ध के बाद से ही क्रेमलिन (रूसी सरकार) अमेरिकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर नकेल कस रहा है। व्हाट्सएप पर इस कार्रवाई के पीछे तीन मुख्य कारण बताए जा रहे हैं। रूस का आरोप है कि व्हाट्सएप और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म धोखाधड़ी और आतंकवाद से जुड़ी जानकारी सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा नहीं कर रहे हैं। रूसी सरकार चाहती है कि उसके नागरिक व्हाट्सएप के बजाय सरकारी मैसेजिंग ऐप 'MAX' का इस्तेमाल करें। हालांकि आलोचकों का मानना है कि 'MAX' ऐप के जरिए सरकार अपने नागरिकों की जासूसी करना चाहती है। रूस ने पहले ही मेटा को एक 'चरमपंथी संगठन' घोषित कर रखा है।

रूस में पहले से क्या-क्या था बंद?
व्हाट्सएप पर यह कंप्लीट बैन अचानक नहीं हुआ है। इसकी भूमिका पिछले साल ही लिख दी गई थी। रूस ने पिछले साल ही व्हाट्सएप और टेलीग्राम की कॉलिंग सर्विस पर रोक लगा दी थी। दिसंबर में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए ऐप्पल के FaceTime और Snapchat को भी रूस में प्रतिबंधित कर दिया गया था।
यह भी पढ़ें: 8th Pay Commission: सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! इस राज्य में बनी कमेटी, जानें कब बढ़ेगी सैलरी?

सरकार की शर्त: कानून मानो तो हटेगा बैन
क्रेमलिन के प्रवक्ता ने साफ कर दिया है कि यह विवाद केवल कानून पालन से जुड़ा है। उन्होंने कहा, "यदि मेटा रूसी कानूनों का सम्मान करती है और हमारे अधिकारियों के साथ सहयोग शुरू करती है तो बैन हटाने पर विचार किया जा सकता है। बिना बातचीत और कानून माने समझौता मुमकिन नहीं है।" दूसरी ओर व्हाट्सएप के प्रवक्ता ने कहा है कि रूस में करीब 10 लाख सक्रिय यूजर्स हैं और कंपनी उन्हें आपस में जोड़े रखने के लिए हर संभव तकनीकी प्रयास करेगी।

यूजर्स पर क्या होगा असर?
रूस में व्हाट्सएप का पूर्ण ब्लॉक होना वहां रह रहे लोगों खासकर प्रवासियों और विदेशी व्यापारियों के लिए बड़ी मुश्किल खड़ी कर सकता है। उन्हें अब 'VPN' या अन्य वैकल्पिक रूसी ऐप्स का सहारा लेना पड़ रहा है।
