WhatsApp का नया फीचर: अब हर किसी के लिए अलग स्टेटस शेयर करना होगा आसान, जानें कैसे
punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 05:49 PM (IST)
नेशनल डेस्क: WhatsApp अपने यूजर्स के लिए स्टेटस फीचर को और ज्यादा स्मार्ट और पर्सनल बनाने की तैयारी में है। वर्तमान में स्टेटस शेयर करते समय यूजर्स के पास केवल तीन विकल्प होते हैं – My Contacts, My Contacts Except, और Only Share With। लेकिन जल्द ही आने वाले नए अपडेट में Custom Lists का फीचर यूजर्स को हर स्टेटस के लिए अलग-अलग लोगों की लिस्ट बनाने का मौका देगा। इसका मतलब यह है कि अब आप बिना किसी को ब्लॉक किए यह तय कर पाएंगे कि कौन सा स्टेटस किसे दिखे।
फैमिली और ऑफिस स्टेटस होंगे अलग-अलग
इस फीचर की मदद से यूजर्स अपने परिवार, दोस्तों और ऑफिस के कलीग्स के लिए अलग-अलग स्टेटस शेयर कर सकेंगे। उदाहरण के लिए, फैमिली से जुड़ा स्टेटस सिर्फ घर के सदस्यों को दिखेगा, जबकि ऑफिस से संबंधित अपडेट केवल कलीग्स तक पहुंचेगा। इससे पहले की तरह सभी को एक ही स्टेटस दिखाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी।
नाम और Emoji से पहचान होगी आसान
व्हाट्सऐप ने इसे और यूजर-फ्रेंडली बनाने के लिए हर Custom List में नाम और Emoji जोड़ने का विकल्प भी दिया है। इससे यूजर्स आसानी से पहचान पाएंगे कि कौन सी लिस्ट किसके लिए बनाई गई है और स्टेटस शेयर करते वक्त कोई कन्फ्यूजन नहीं होगी। प्राइवेसी के मामले में भी यह फीचर बेहद काम का है। अगर आप किसी व्यक्ति को किसी लिस्ट से हटा देते हैं, तो वह पहले से शेयर किए गए स्टेटस देख पाएगा, लेकिन उसके बाद नए स्टेटस उसे दिखाई नहीं देंगे।
प्राइवेसी को लेकर WhatsApp ने किया साफ
व्हाट्सऐप का यह नया फीचर मौजूदा प्राइवेसी सेटिंग्स को और मजबूत बनाएगा और यूजर्स को बिना किसी को ब्लॉक किए स्टेटस शेयर करने की पूरी आजादी देगा। फिलहाल इस फीचर का रोलआउट शुरू नहीं हुआ है, लेकिन आने वाले अपडेट्स में इसे शामिल किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।
