अमेरिका ने ईरान संकट पर चीन से मांगी मदद ! ट्रंप से अलग दिखे रुबियो के सुर, बोले- युद्ध खत्म करवाने में सक्रिय भूमिका निभाएं जिनपिंग
punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 12:16 PM (IST)
Washington: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तीन दिन के दौरे पर बीजिंग पहुंचे, जहां गुरुवार को उनकी चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पहली द्विपक्षीय बैठक हुई। अमेरिका ने संकेत दिए हैं कि वह ईरान युद्ध संकट को लेकर चीन से बड़ी भूमिका निभाने की उम्मीद कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि ईरान की गतिविधियां एशिया की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बनती जा रही हैं और चीन को तेहरान पर दबाव डालना चाहिए।
Secretary of State Marco Rubio is pressing China to use its leverage against Iran over Tehran's actions in the Persian Gulf. pic.twitter.com/ZYBAxHAcjE
— Open Source Intel (@Osint613) May 13, 2026
सूत्रों के मुताबिक ट्रंप इस यात्रा के दौरान चीन से ईरान युद्ध को खत्म कराने में बड़ी भूमिका निभाने की अपील कर सकते हैं। पश्चिम एशिया में युद्ध तीसरे महीने में पहुंच चुका है और अस्थायी युद्धविराम के बावजूद तनाव बना हुआ है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, जो ट्रंप के साथ बीजिंग पहुंचे हैं, ने कहा कि ईरान संकट एशिया की स्थिरता के लिए बड़ा खतरा बन गया है। उन्होंने कहा कि चीन को ईरान को पीछे हटने के लिए राजी करने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
रुबियो के बयान ट्रंप की पहले की टिप्पणी से अलग नजर आए। ट्रंप ने बीजिंग रवाना होने से पहले कहा था कि अमेरिका को ईरान मामले में किसी की मदद की जरूरत नहीं है और अमेरिका “किसी भी तरह जीत जाएगा।” हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि वह जिनपिंग से ईरान पर लंबी बातचीत करेंगे।विशेषज्ञों का मानना है कि चीन ईरान को बातचीत की मेज पर लौटने के लिए कह सकता है, लेकिन वह तेहरान से अपने आर्थिक और रणनीतिक संबंध तोड़ने को तैयार नहीं होगा। चीन ईरान को पश्चिम एशिया में अमेरिका के प्रभाव के खिलाफ अहम साझेदार मानता है।
