ईरान मुद्दे पर फूटा ट्रंप का गुस्साः अमेरिकियों को ही बता दिया कायर, सोशल मीडिया पर लिखा लंबा-चौड़ा संदेश
punjabkesari.in Wednesday, May 13, 2026 - 02:03 PM (IST)
International Desk: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात के बीच एक बार फिर अपने आक्रामक बयानों से अमेरिकी राजनीति में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर लंबा संदेश जारी करते हुए अमेरिकी मीडिया और अपने आलोचकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समाचार माध्यम और आलोचक यह दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि सैन्य मोर्चे पर अमेरिका के खिलाफ ईरान बेहतर स्थिति में है। ट्रंप ने कहा कि ऐसा दावा करना अमेरिका के दुश्मनों को झूठी उम्मीद देने जैसा है।

उन्होंने ऐसे लोगों को “कायर” बताते हुए कहा कि वे अमेरिका के खिलाफ खड़े दिखाई दे रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि ईरान की नौसेना लगभग पूरी तरह तबाह हो चुकी है। उनके अनुसार ईरान के कई युद्धपोत नष्ट कर दिए गए हैं। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की वायुसेना, सैन्य तकनीक और नेतृत्व को भारी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने दावा किया कि ईरान आर्थिक रूप से भी बेहद कमजोर स्थिति में पहुंच चुका है।
अपने बयान में ट्रंप ने विरोधियों को “मूर्ख”, “एहसान फरामोश” और “लूजर” जैसे शब्दों से भी संबोधित किया। यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान संबंधों पर टिकी हुई है। ट्रंप के बयान के बाद अमेरिका में राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। आलोचकों का कहना है कि इस तरह की भाषा देश के भीतर राजनीतिक ध्रुवीकरण को और बढ़ा सकती है। वहीं ट्रंप समर्थकों का मानना है कि राष्ट्रपति राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त संदेश देना चाहते हैं।
