ईरान युद्ध पर ट्रंप की नरमी का खुला राज, सऊदी प्रिंस की चेतावनी ने बदली अमेरिका की रणनीति

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 01:33 PM (IST)

Dubai: पश्चिम एशिया में पांच महीने से जारी तनाव के बीच एक बड़ा कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वह फिलहाल ईरान पर नए सैन्य हमले नहीं करेंगे। यह फैसला ऐसे समय आया है जब सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान (MBS) ने ट्रंप से फोन पर बात कर बड़े सैन्य हमले पर दोबारा विचार करने की अपील की थी। Axios की रिपोर्ट के अनुसार, फोन पर हुई बातचीत में मोहम्मद बिन सलमान ने ट्रंप से कहा कि यदि अमेरिका ईरान के ऊर्जा ढांचे या अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमला करता है तो ईरान जवाबी कार्रवाई में सऊदी अरब और अन्य खाड़ी देशों के ऊर्जा प्रतिष्ठानों को निशाना बना सकता है। उन्होंने अमेरिका से सैन्य कार्रवाई के बजाय तनाव कम करने और बातचीत का रास्ता अपनाने की अपील की। सूत्रों के मुताबिक, MBS ने ट्रंप से यह भी पूछा कि अमेरिका ईरान के खिलाफ किस तरह की सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है।

 

इसके बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया के सहयोगी देशों के साथ मिलकर ईरान के साथ युद्ध समाप्त करने की एक रूपरेखा पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि इसी अनुरोध के आधार पर उन्होंने फिलहाल ईरान पर नए सैन्य हमले रोकने का फैसला किया है। ट्रंप ने दावा किया कि प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को तत्काल और पूरी तरह खोलना तथा ईरान के परमाणु खतरे को समाप्त करना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि इजरायल भी इस समझौते को सफल बनाने के प्रयासों में अमेरिका के साथ है। व्हाइट हाउस ने पुष्टि की है कि ट्रंप और मोहम्मद बिन सलमान के बीच शनिवार को फोन पर बातचीत हुई थी। हालांकि बातचीत के विषय पर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा नहीं की गई।

 

रिपोर्टों के अनुसार, सऊदी अरब के अलावा कतर, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), तुर्किये और पाकिस्तान ने भी अमेरिका से ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य अभियान से बचने और कूटनीतिक समाधान अपनाने की अपील की है। तनाव को देखते हुए अमेरिकी विदेश विभाग ने बहरीन, इजरायल, इराक, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे अमेरिकी नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसमें संभावित उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में बाधाओं के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News