यूक्रेन पर पर रूस का सबसे खतरनाक हमला, मिसाइल-ड्रोन की बारिश में 17 लोगों की मौत व 44 घायल

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 07:18 PM (IST)

Kyiv: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक दौर में पहुंचता दिखाई दे रहा है। यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के इलाकों में रूस ने मंगलवार रातभर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के मुताबिक, हमलों में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई, जबकि 44 लोग घायल हुए हैं। रूस की ओर से लगातार बड़े पैमाने पर बैलिस्टिक मिसाइल हमले किए जा रहे हैं। यूक्रेन के मुताबिक, इस साल गर्मियों से इस तरह के हमले लगभग नियमित हो गए हैं।यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, रूस ने रातभर के हमलों में कुल 24 बैलिस्टिक मिसाइल, चार अन्य मिसाइल और 115 ड्रोन दागे।  यूक्रेन का कहना है कि चार अन्य मिसाइलों की पहचान या तो हाइपरसोनिक ‘जिरकॉन’ या सुपरसोनिक ‘ओनिक्स’ मिसाइलों के तौर पर की गई है। अधिकारियों के मुताबिक, हमले में इस्तेमाल किए गए कई ड्रोन जेट इंजन से संचालित थे।

 

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने मुख्य रूप से आम नागरिकों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गोदामों, बुनियादी ढांचे और एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया।हालांकि, रूस के रक्षा मंत्रालय ने इन आरोपों से अलग दावा किया है। रूस का कहना है कि उसकी सेना ने सैन्य गतिविधियों से जुड़े परिवहन, माल ढुलाई और वितरण केंद्रों को निशाना बनाया। रूस के लगातार बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के बीच यूक्रेन के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी एयर डिफेंस क्षमता को लेकर है।यूक्रेन के पास अमेरिका निर्मित ‘पैट्रियट’ एयर डिफेंस सिस्टम की मिसाइलों का सीमित भंडार है। यूक्रेन के अनुसार, उसके मौजूदा हवाई रक्षा सिस्टम में पैट्रियट ही ऐसा सिस्टम है जो बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने में सक्षम है। यही वजह है कि जेलेंस्की लगातार पश्चिमी देशों से अतिरिक्त इंटरसेप्टर मिसाइलें और एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने की अपील कर रहे हैं।

 

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर कहा कि जिन लोगों की इस हमले में जान गई, उनकी जिंदगी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने वाली प्रणालियां बचा सकती थीं।उन्होंने पश्चिमी देशों से अपील करते हुए कहा कि साझेदार देशों को यह समझना होगा कि ऐसी प्रणालियों की आपूर्ति में देरी या उन्हें देने में अनिच्छा का सीधा परिणाम भयावह जनहानि और तबाही के रूप में सामने आता है। यूक्रेन का कहना है कि मध्य पूर्व में चल रहे ईरान युद्ध के कारण इन मिसाइलों की उपलब्धता पर भी दबाव बढ़ गया है। इस बीच यूक्रेन ने रूस पर अपने जवाबी हमले भी तेज कर दिए हैं। अमेरिका की अगुवाई में चल रहे शांति प्रयासों में फिलहाल कोई बड़ी प्रगति दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में यूक्रेन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर बातचीत के लिए दबाव बनाने के उद्देश्य से तेल रिफाइनरियों और दूसरे महत्वपूर्ण रूसी ठिकानों को निशाना बनाना बढ़ा दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बिना शर्त युद्धविराम का प्रस्ताव दिया था। यूक्रेन ने इसे स्वीकार किया है, लेकिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इसे स्वीकार नहीं किया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News