जर्मन चांसलर के कीव पंहुचते ही रूस ने उड़ाया पुल; पुतिन बोले-राजनयिक और विदेशी जल्द छोड़ें यूक्रेन, पिक्चर अभी बाकी...( Video)
punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 02:23 PM (IST)
Moscow: यूक्रेन की राजधानी कीव में रूसी हमले तेज होने के बीच नीपर नदी पर बने नॉर्दर्न ब्रिज को निशाना बनाया गया। हमले के बाद पुल पर आग और धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। कीव के मेयर विताली क्लित्श्को के अनुसार, हमले में दो लोग घायल हुए और पुल की सड़क तथा ट्रॉलीबस की बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा। हमले के बाद रूस ने विदेशी नागरिकों और राजनयिकों को कीव से निकलने की चेतावनी और कड़ी कर दी। रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि जो लोग चेतावनी के बावजूद कीव में रहेंगे, वे संभावित गंभीर परिणामों की जिम्मेदारी खुद उठाएंगे।
Escalation: Russia | Ukraine | Germany Russia attacked Ukraine as the German Chancellor was visiting Zelensky A Russian drone struck Kviv's Pivnichnyi Bridge, sending a large fireball and black smoke into the air as cars moved along the roadway. Ukrainian authorities said the bridge had been hit for a second straight day, with traffic rerouted anc nearby infrastructure damaged during repeated drone attacks on Dnipro River crossings. Moments before the attack, an air raid alert flashed on phones shortly before German Chancellor Friedrich Merz and Ukrainian President Zelenskyy held a press conference in Kviv. About 90 seconds later air raid sirens sounded across the city.
— WayneTech SPFX®️ (@WayneTechSPFX) October 4, 2026
जर्मनी चांसलर फ्रेडरिक मर्ज के कीव पहुंचने पर धमाके
रूसी हमला ऐसे समय हुआ जब जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज अचानक कीव पहुंचे थे। उनकी यात्रा के दौरान राजधानी में हवाई हमले के सायरन बज रहे थे और धमाकों की आवाजें सुनाई दे रही थीं। मर्ज ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात कर यूक्रेन के लिए जर्मनी के समर्थन को दोहराया। मर्ज ने कहा कि यूक्रेन को आने वाले हफ्तों में हर तरह के समर्थन की जरूरत है। उन्होंने यह भी चेताया कि अगर रूस को रोका नहीं गया तो उसकी युद्ध मशीन भविष्य में दूसरे देशों की ओर भी बढ़ सकती है। नॉर्दर्न ब्रिज पर हुआ हमला कीव में पुलों को निशाना बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं के बीच हुआ है। नीपर नदी की वजह से ये पुल राजधानी के दोनों हिस्सों के बीच यातायात के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
रूस ने नॉर्दर्न ब्रिज पर हमले की पुष्टि की
रूस ने नॉर्दर्न ब्रिज पर हमले की पुष्टि करते हुए दावा किया कि यह सैन्य आवाजाही और सैन्य सामान के परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाला मार्ग था। रूसी रक्षा मंत्रालय ने इसके अलावा ओदेसा की दिशा में सैन्य सामान ले जा रहे दो मालवाहक जहाजों को निशाना बनाने का भी दावा किया है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि पुलों और बुनियादी ढांचे पर लगातार हमलों से कीव में आवागमन प्रभावित हो सकता है। शहर प्रशासन वैकल्पिक नदी-पार मार्गों की जरूरत पर भी विचार कर रहा है।
रूस की सीधी चेतावनी
नॉर्दर्न ब्रिज पर हमले के बाद रूसी विदेश मंत्रालय ने विदेशी नागरिकों और राजनयिक मिशनों के कर्मचारियों से कीव और यूक्रेन छोड़ने की अपील दोहराई। मॉस्को ने कहा कि उसने पहले भी विदेशियों को कीव में न रहने और यूक्रेन की यात्रा से बचने की चेतावनी दी थी। रूस ने कहा कि वह यूक्रेन की ओर से रूसी नागरिकों और बुनियादी ढांचे पर किए गए हमलों के जवाब में बड़े पैमाने पर हमले जारी रखेगा। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नागरिक इलाकों पर बड़े हमलों को मंजूरी देने और सशस्त्र संघर्ष के नियमों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। क्रेमलिन ने इन आरोपों को खारिज किया है।रूस का कहना है कि उसके हमले सैन्य ठिकानों और सैन्य आवाजाही से जुड़े ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं। वहीं यूक्रेन का आरोप है कि राजधानी के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर लगातार हमलों का असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
