पुतिन का अंतर्राष्ट्रीय दबाव में झुकने से इंकार, यूक्रेन को लेकर दिया बड़ा बयान

punjabkesari.in Monday, Dec 03, 2018 - 11:05 AM (IST)

ब्यूनस आयर्सः रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यूक्रेन के नाविकों को रिहा करने को लेकर डाले जा रहे अंतर्राष्ट्रीय दबाव के आगे झुकने से इंकार कर दिया है। उन्होंने शनिवार को कहा कि नाविकों को रिहा करने के संबंध में उनकी यूक्रेन से कोई बातचीत नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि इस घटना की वजह से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन के साथ अपनी तय वार्ता रद्द कर दी और यूरोपीय देशों ने भी इस पर कड़ी प्रतिक्रिया और गुस्सा जाहिर किया। जर्मनी की चांसलर एंजला मर्केल ने शनिवार को पुतिन से इस घटनाक्रम पर बात की। वहीं, इससे एक दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों ने पुतिन से संकट को खत्म करने की अपील की थी। 

रूस ने पिछले सप्ताह जहाज सहित यूक्रेन के नाविकों को हिरासत में ले लिया था। रूस ने यूक्रेन के तीनों जहाजों को छोड़ने से इंकार कर दिया है जिसे सीमा पर गश्ती कर रहे सैनिकों ने क्रीमिया के नजदीक पिछले सप्ताह जब्त किया था। मॉस्को का आरोप है कि 24 नाविक रूसी सीमा में अवैध रूप से घुस रहे थे। हालांकि, पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन के नागरिकों के रूस में घुसने पर जैसे-को-तैसा की नीति नहीं अपनाएंगे, जैसा कि कीव ने रूस के 16 से 60 की उम्र के पुरुषों के उसके क्षेत्र में घुसने पर रोक लगा दी है। 

उधर, ट्रंप के जी20 सम्मेलन में पुतिन से पूर्वनियोजित मुलाकात रद्द कर दिए जाने के बाद रूसी नेता ने कहा कि भविष्य की वार्ताओं को लेकर कोई पूर्व शर्त नहीं थी। उन्होंने कहा, 'यह अफसोसजनक है कि हम एक विस्तृत वार्ता नहीं कर सकते, जो कि काफी समय से लंबित है।' हालांकि, पुतिन और ट्रंप के बीच जी-20 शिखर सम्मेलन से इतर शुक्रवार को संक्षिप्त मुलाकात हुई। पुतिन ने कहा कि वह डिनर के दौरान ट्रंप से मिले थे और उन्होंने मॉस्को की स्थिति से अवगत कराया। पुतिन ने सम्मेलन के अंत में संवाददाताओं को बताया, 'हमने खड़े-खड़े बातचीत की। मैंने काला सागर घटनाक्रम पर उनके सवालों के जवाब दिए।' 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News