सेशेल्स में दुनिया के सबसे उम्रदराज़ कछुए से मिले पीएम मोदी, अपने हाथों से 'जोनाथन' को खिलाया खाना(Video)

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 06:50 PM (IST)

International Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपनी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान सेशेल्स का राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सेशेल्स के राष्ट्रपति Patrick Herminie भी मौजूद रहे। दौरे का सबसे आकर्षक क्षण तब आया, जब प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के सबसे उम्रदराज़ जीवित स्थलीय कछुए 'जोनाथन' (Jonathan) को अपने हाथों से भोजन खिलाया। यह दुर्लभ कछुआ अपनी असाधारण आयु के कारण दुनिया भर में प्रसिद्ध है और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र माना जाता है।

 

प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति हर्मिनी ने राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान में एक स्मृति पौधा भी लगाया। दोनों नेताओं ने उद्यान के संरक्षण विशेषज्ञों से मुलाकात की और वहां संरक्षित दुर्लभ वनस्पतियों एवं जीव-जंतुओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे हैं। वह देश के राष्ट्रीय दिवस की स्वर्ण जयंती (50वीं वर्षगांठ) के अवसर पर आयोजित समारोह में विशिष्ट अतिथि (Guest of Honour) के रूप में शामिल होंगे। वर्ष 1976 में सेशेल्स को ब्रिटेन से स्वतंत्रता मिली थी और इस वर्ष देश अपनी आजादी के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव मना रहा है।

 

प्रधानमंत्री के सेशेल्स पहुंचने पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी, कई वरिष्ठ मंत्रियों और उच्च अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर स्वयं उनका स्वागत किया। उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। स्वागत समारोह में भारतीय संस्कृति  झलक भी देखने को मिली। गुजरात के कच्छ क्षेत्र के पारंपरिक लोकनृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसकी प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर सराहना करते हुए लिखा,"शानदार सांस्कृतिक जुड़ाव! सेशेल्स में स्वागत के दौरान कच्छ का नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। प्रवासी भारतीयों ने भारत की विविध सांस्कृतिक विरासत को जिस तरह संजोकर रखा है, वह सराहनीय है।" उन्होंने भारतीय समुदाय द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए भी आभार व्यक्त किया।

 

सेशेल्स पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सेशेल्स हिंद महासागर क्षेत्र में भारत का एक करीबी मित्र और महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच समुद्री सुरक्षा, विकास सहयोग, व्यापार, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय साझेदारी को नई मजबूती देगी।बता दें कि 'जोनाथन' को दुनिया का सबसे उम्रदराज़ जीवित स्थलीय कछुआ माना जाता है। उसकी अनुमानित आयु लगभग 190 वर्ष से अधिक मानी जाती है और वह वैश्विक संरक्षण एवं वन्यजीव विरासत का एक प्रतीक है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News