अमेरिका के फ्लोरिडा में विमान हादसा, 9 की मौ'त; सड़क पर आग का गोला बना जेट, खौफनाक Video आया सामने

punjabkesari.in Monday, Nov 02, 2026 - 06:12 AM (IST)

वाशिंगटन/पाम बीच: अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत स्थित पाम बीच काउंटी में रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। 9 लोगों को ले जा रहा एक बिजनेस जेट (लियरजेट 60) क्रैश होकर रिहायशी इलाके के पास सड़क पर गिर गया और आग के विशाल गोले में तब्दील हो गया। अमेरिकी परिवहन सचिव (US Transportation Secretary) सीन डफी के अनुसार, इस भयावह हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।

ऑस्टिन से बहामास जा रहा था विमान, दोपहर 12:50 बजे हुआ हादसा 
जानकारी के अनुसार, यह लियरजेट 60 विमान टैक्सस के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। रविवार दोपहर लगभग 12:50 बजे यह पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन के पास एक रिहायशी इलाके के करीब मुख्य सड़क पर क्रैश हो गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में विमान को सीधे आसमान से नीचे गिरते और सड़क के पास आग के विशाल गोले में विस्फोट होते देखा गया। विमान सड़क पर गुजरते वाहनों से महज कुछ इंच की दूरी पर गिरा, जिससे सड़क के कंक्रीट में एक बड़ा गड्ढा बन गया और आग की लपटें उठने लगीं। दुर्घटना के बाद इलाके में भारी काला धुआं फैल गया और यह हादसा रिहायशी मकानों से महज कुछ ही फीट की दूरी पर हुआ।

डोनाल्ड ट्रंप के मार-ए-लागो से 7-8 मील दूर गिरा विमान 
यह दुर्घटना पाम बीच स्थित अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 'मार-ए-लागो' (Mar-a-Lago) क्लब से लगभग 7 से 8 मील की दूरी पर हुई। हादसे के समय राष्ट्रपति ट्रंप मध्यावधि चुनाव (Midterms Election) की रैली के सिलसिले में आयोवा (Iowa) में मौजूद थे।

परिवहन सचिव ने जताया दुख, जांच दल रवाना 
अमेरिकी परिवहन सचिव सीन डफी ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे एक 'भयावह त्रासदी' बताया। उन्होंने कहा, "कृपया उन परिवारों और प्रियजनों के लिए प्रार्थना करें जिन्हें हमने खो दिया है"। उन्होंने बताया कि नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) की टीमें तुरंत जांच के लिए दुर्घटनास्थल की ओर रवाना कर दी गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जमीन पर कोई व्यक्ति घायल हुआ है या नहीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News