''गेम ऑफ थ्रोन्स'' स्टार ने दुनिया को दिखाई रूस के खौफ की तस्वीर, यूक्रेन में मिसाइल हमले के डर से मेट्रो में गुजारी रात
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 12:21 PM (IST)
Kyiv: हॉलीवुड की चर्चित सीरीज 'गेम ऑफ थ्रोन्स' में जैमी लैनिस्टर का किरदार निभाने वाले अभिनेता निकोलाज कोस्टर-वाल्डाउ इन दिनों यूक्रेन में हैं। यहां उन्हें रूस के संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों के खौफ व खतरे के बीच स्थानीय लोगों के साथ कीव के भूमिगत मेट्रो स्टेशन में रात बितानी पड़ी। अभिनेता ने अपने इस खौफनाक अनुभव को साझा करते हुए बताया कि यूक्रेन के आम नागरिक किस तरह लगातार हमलों के डर में जीने को मजबूर हैं। निकोलाज ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम खाते पर इस अनुभव की जानकारी दी।
Game of Thrones star Nikolaj Coster-Waldau spent a night inside a metro station in Kyiv as the threat of Russian missile and drone attacks loomed over the city. The actor, famous for playing Jaime Lannister, was visiting Ukraine as a UNDP Goodwill Ambassador. Calling the experience “pretty rough”, he spoke about the everyday reality of Ukrainians who repeatedly take shelter during air raid warnings. #NikolajCosterWaldau #GameOfThrones #Ukraine #Kyiv #News9
— News9 (@News9Tweets) October 30, 2026
'मेरे लिए एक रात, यूक्रेनियों के लिए रोज की हकीकत'
उन्होंने लिखा कि उन्हें केवल एक रात भूमिगत शरणस्थल में बितानी पड़ी, लेकिन यूक्रेन के हजारों लोगों के लिए ऐसा करना रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। अभिनेता ने लिखा, ''मैं एक रात ऐसा करके इसकी कहानी बता सकता हूं, लेकिन हजारों यूक्रेनियों के लिए गोलाबारी के दौरान सुरक्षित रहने का यह एक जरूरी उपाय है। हमें आम नागरिकों की मदद जारी रखनी चाहिए और उन नियमों का सम्मान करना चाहिए, जिन पर हम सभी सहमत हुए हैं।'' उन्होंने कीव में जारी हवाई हमले के अलर्ट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया। बताया गया कि 27 से 29 अक्टूबर तक लगातार तीन दिनों तक शहर में हवाई हमले के खतरे का स्तर लाल बना हुआ था। ऐसे हालात में स्थानीय लोगों को सुरक्षित रहने के लिए भूमिगत मेट्रो स्टेशनों में जाना पड़ता है।
संयुक्त राष्ट्र के सद्भावना दूत हैं अभिनेता
निकोलाज कोस्टर-वाल्डाउ की यूक्रेन यात्रा का संबंध संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के सद्भावना दूत के रूप में उनकी भूमिका से है। वह वर्ष 2016 से इस जिम्मेदारी से जुड़े हुए हैं। अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य यूक्रेन की स्थिति की ओर दुनिया का ध्यान बनाए रखना है, ताकि युद्ध के बीच वहां के लोगों की मुश्किलों को भुलाया न जाए। एक वीडियो संदेश में उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से यूक्रेन की लगातार मदद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लोग शानदार तरीके से परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं, लेकिन उन्हें दुनिया से सहायता की जरूरत है। खासकर सर्दियां नजदीक आने के साथ यह मदद और जरूरी हो जाती है।
कौन हैं निकोलाज कोस्टर-वाल्डाउ?
- निकोलाज कोस्टर-वाल्डाउ का जन्म वर्ष 1970 में डेनमार्क में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1994 की फिल्म 'नाइटवॉच' से पहचान बनाई।
- वर्ष 2001 में रिडले स्कॉट की युद्ध आधारित फिल्म 'ब्लैक हॉक डाउन' में गैरी गॉर्डन की भूमिका निभाकर अमेरिकी सिनेमा में अपनी जगह बनाई।
- हालांकि, उन्हें दुनियाभर में असली पहचान एचबीओ की लोकप्रिय धारावाहिक श्रृंखला 'गेम ऑफ थ्रोन्स' से मिली।
- वर्ष 2011 से 2019 तक प्रसारित इस श्रृंखला में उन्होंने जैमी लैनिस्टर का किरदार निभाया।
- उनके अभिनय के लिए उन्हें वर्ष 2018 और 2019 में दो बार प्राइमटाइम एमी पुरस्कार के लिए नामांकन भी मिला।
- अभिनय के अलावा वह पर्यावरण संरक्षण और लैंगिक समानता जैसे मुद्दों पर भी काम करते रहे हैं।
- यूएनडीपी के सद्भावना दूत के रूप में उनका काम मानवीय और सामाजिक मुद्दों से जुड़ा रहा है।
- यूक्रेन की उनकी ताजा यात्रा ने एक बार फिर युद्ध प्रभावित आम नागरिकों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय मदद की जरूरत को चर्चा में ला दिया है।
