ईरान-अमेरिका तनाव के बीच उत्तर कोरिया का आक्रामक रुख, 2 दिन में दूसरी बार किए मिसाइल परीक्षण !
punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2026 - 04:16 PM (IST)
International Desk: उत्तर कोरिया ने एक बार फिर अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरे दिन समुद्र की ओर कई छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इस कदम से एशिया क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर Wonsan से दागी गईं। इन मिसाइलों ने करीब 240 किलोमीटर की दूरी तय की और पूर्वी समुद्र में जाकर गिरीं। दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि वह स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और अमेरिका के साथ मिलकर किसी भी उकसावे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बाद में दक्षिण कोरिया ने जानकारी दी कि उत्तर कोरिया ने एक और बैलिस्टिक मिसाइल दागी, लेकिन इसके बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इससे पहले मंगलवार को भी उत्तर कोरिया ने राजधानी के आसपास से एक मिसाइल दागी थी। हालांकि, यह मिसाइल लॉन्च के शुरुआती चरण में ही रडार से गायब हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इससे संकेत मिलता है कि यह परीक्षण संभवतः विफल रहा। दक्षिण कोरिया और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां इस मिसाइल के तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इसमें क्या खराबी आई।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच संबंध बेहद खराब स्थिति में हैं। उत्तर कोरिया ने साफ कर दिया है कि वह दक्षिण कोरिया के साथ रिश्ते सुधारने का कोई इरादा नहीं रखता। उत्तर कोरिया के वरिष्ठ अधिकारी Jang Kum Chol ने दक्षिण कोरिया को “सबसे कट्टर दुश्मन देश” बताया, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है। वहीं, दक्षिण कोरिया की सरकार अभी भी बातचीत और शांति की कोशिशों को जारी रखना चाहती है, लेकिन लगातार हो रहे मिसाइल परीक्षण इन प्रयासों को कमजोर कर रहे हैं।
