ईरान में सरकार समर्थक रैली में घुसी तेज रफ्तार कार, 4 लोगों की मौत व 10 से ज्यादा घायल(Video)
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 01:09 PM (IST)
Tehran: ईरान के मशहद शहर में सरकार और सशस्त्र बलों के समर्थन में आयोजित एक सभा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार पहले एक दूसरी गाड़ी से टकराई और नियंत्रण खोने के बाद सुरक्षा बैरियर और ट्रैफिक साइन तोड़ते हुए भीड़ में जा घुसी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक, यह घटना देश के पूर्वोत्तर शहर मशहद में रात के समय हुई। रजवी खुरासान प्रांत की ट्रैफिक पुलिस के प्रमुख मोहसिन मूसा-अबादी ने बताया कि कार तेज गति से चल रही थी। पहले कार की टक्कर एक अन्य वाहन से हुई। इसके बाद चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। कार सुरक्षा अवरोधकों और ट्रैफिक संकेतों से टकराती हुई सभा में मौजूद लोगों के बीच जा घुसी।
BREAKING 🚨 Allegedly a Car in Iran just mowed down a bunch of IRGC Loyalist and supporters.
— J (@JayTC53) September 1, 2026
Are the people in Iran finally starting to rise up to take their country back?! pic.twitter.com/wjI7XgjKln
हादसे के बाद पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि घटना के समय चालक सामान्य अवस्था में नहीं था, हालांकि उसकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। अधिकारियों की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे किसी राजनीतिक मकसद के संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल इसे सड़क हादसा माना जा रहा है। मेहर न्यूज एजेंसी के अनुसार, यह सभा ईरान की सरकार और सशस्त्र बलों के समर्थन में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा थी। अमेरिका के साथ फरवरी के अंत में युद्ध शुरू होने के बाद इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं।हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
