मिडिल ईस्ट जंग पर बड़ा अपडेट, ट्रंप ने बताया कब तक खत्म हो सकता है युद्ध?
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 12:34 PM (IST)
इंटरनेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में इजरायल, अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध की भविष्यवाणी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में बयान दिया। उन्होंने कहा कि युद्ध जल्द ही खत्म हो सकता है, लेकिन इसके लिए कोई निश्चित समयसीमा नहीं है। यह युद्ध अब तीसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुका है और संभावना है कि अभी एक हफ्ता और चल सकता है।
इस सप्ताह युद्ध खत्म होने की संभावना नहीं
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को कहा कि युद्ध जल्द समाप्त हो सकता है, लेकिन इस सप्ताह के भीतर समाप्त होने की उम्मीद कम है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस हफ्ते जंग खत्म हो सकती है, तो उन्होंने कहा कि “यह संभव है, लेकिन मुझे लगता है कि यह युद्ध तुरंत खत्म नहीं होगा। समय लगेगा और जब यह खत्म होगा, तो दुनिया ज्यादा सुरक्षित होगी।”
ईरान को रोकने के लिए कीमत चुकानी पड़ेगी
ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान को परमाणु हथियार बनाने से नहीं रोका गया तो वह मध्य पूर्व में कब्जा कर सकता है और इजरायल पर हमला कर सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस स्थिति को रोकने के लिए आर्थिक और रणनीतिक कीमत चुकानी पड़ सकती है, जैसे शेयर बाजार गिरना या तेल संकट गहराना। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और इजरायल को बेहद चालाक विरोधियों से निपटना पड़ रहा है और अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य अंधकारमय हो सकता है।
ईरान की मिलिट्री और नेतृत्व पर बड़ा हमला
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान की मिसाइल और ड्रोन क्षमताओं को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि ईरान की सेना और नौसेना कमजोर हो चुकी है और दो पीढ़ियों की लीडरशिप को ध्वस्त कर दिया गया है। ईरान के पास अब सिर्फ होर्मुज स्ट्रेट और ऑयल प्लांट बचे हैं। ट्रंप ने चेताया कि अगर ईरान नहीं माना और सरेंडर नहीं किया, तो इन क्षेत्रों को भी नियंत्रित करने की कार्रवाई जल्द होगी।
ट्रंप ने ईरान को दुनिया का सबसे खतरनाक देश बताया
ट्रंप ने ईरान को दुनिया का सबसे खतरनाक और हिंसक देश बताया। उनका कहना है कि ईरान के पास अब न सेना है, न नौसेना, न नेतृत्व और न एंटी डिफेंस सिस्टम। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नेता हिंसक और क्रूर हैं, जिन्होंने जनवरी में 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला था। ट्रंप ने बताया कि एक समय मॉडर्न दिखने वाला ईरान अब पाबंदियों और प्रतिबंधों में सीमित है, जबकि दुनिया 21वीं सदी में आगे बढ़ चुकी है।
