म्यांमार में 7.7 तीव्रता का भूकंप, अब तक 144 की मौत, 700 से ज्यादा घायल

punjabkesari.in Friday, Mar 28, 2025 - 09:05 PM (IST)

नेशनल डेस्क : म्यांमार में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे भारी तबाही मची। इसके बाद 6.4 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। अब तक 144 लोगों की मौत हो चुकी है और 732 से ज्यादा लोग घायल हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह संख्या और बढ़ सकती है। भूकंप से कई इमारतें, पुल और ऐतिहासिक धरोहरें गिर गईं, जिससे कई लोग मलबे में दब गए।

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र मांडले शहर से 17.2 किमी दूर था। मांडले, सगाइंग और नेपिडॉ जैसे कई इलाकों में भूकंप का जबरदस्त असर देखा गया।

सेना ने आपातकाल लगाया, अंतरराष्ट्रीय मदद मांगी

म्यांमार की सैन्य सरकार (जुंटा) ने 6 राज्यों में आपातकाल घोषित कर दिया है और अंतरराष्ट्रीय सहायता की अपील की है। कई प्रभावित इलाकों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है, जिससे सही स्थिति का पता नहीं चल पा रहा। सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में गिरी हुई इमारतें और टूटी सड़कें दिखाई दे रही हैं।

थाईलैंड में भी असर, 117 लोग फंसे

भूकंप का असर पड़ोसी देश थाईलैंड में भी देखने को मिला। बैंकॉक में एक निर्माणाधीन इमारत गिर गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई और दर्जनों श्रमिकों को बचाया गया। अभी भी करीब 117 लोग मलबे में फंसे हुए हैं।

ऐतिहासिक इमारतों को भी नुकसान

भूकंप के कारण मांडले का 90 साल पुराना अवा ब्रिज इरावदी नदी में गिर गया। कई ऐतिहासिक धरोहरों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें मांडले पैलेस और एक पुराना घंटाघर शामिल है।

बड़े बांधों पर खतरा, रेड क्रॉस ने जताई चिंता

इंटरनेशनल रेड क्रॉस ने म्यांमार में बड़े बांधों की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि भूकंप से सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे को गंभीर नुकसान हुआ है, जिससे कई इलाकों में हालात और बिगड़ सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News