अमेरिका का ट्रैवल बैन और सख्त: अब 30 से ज्यादा देशों पर लगी पाबंदी, जानिए पूरी लिस्ट और वजह

punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 06:46 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने इमिग्रेशन के खिलाफ अपनी सख्त नीति को और तेज करते हुए 30 से अधिक देशों पर यात्रा प्रतिबंध (Travel Ban) लागू कर दिया है। यह फैसला थैंक्सगिविंग वीकेंड के दौरान नेशनल गार्ड के दो जवानों पर हुई गोलीबारी के बाद लिया गया, जिसमें एक अफगान नागरिक को संदिग्ध के तौर पर गिरफ्तार किया गया था।

इससे पहले जून में राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐलान किया था कि 12 देशों के नागरिकों पर अमेरिका आने की पूरी तरह पाबंदी होगी जबकि 7 अन्य देशों के नागरिकों पर आंशिक प्रतिबंध लगाया जाएगा। अब नए आदेश के बाद यह सूची और लंबी हो गई है।

ट्रंप प्रशासन ने यात्रा प्रतिबंध क्यों बढ़ाया?

अमेरिकी सरकार के मुताबिक, जिन देशों पर यह पाबंदी लगाई गई है, वहां से आने वाले यात्रियों की जांच (vetting) करना मुश्किल है। इसके पीछे कई वजहें बताई गई हैं—

  • कई देशों में भ्रष्टाचार बहुत ज्यादा है

  • नागरिकों के दस्तावेज फर्जी या अविश्वसनीय पाए जाते हैं

  • क्रिमिनल रिकॉर्ड ठीक से उपलब्ध नहीं होते

  • बड़ी संख्या में लोग वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी अमेरिका में रुक जाते हैं

  • कुछ देश अपने नागरिकों को वापस लेने से इनकार करते हैं, जिन्हें अमेरिका डिपोर्ट करना चाहता है

  • कुछ देशों में सरकारी नियंत्रण और स्थिरता की कमी है

इन सभी कारणों से अमेरिकी अधिकारियों को सुरक्षा जांच में परेशानी होती है।

नया ट्रैवल बैन क्या कहता है? (US Travel Ban – New Proclamation)

पहले से पूरी तरह प्रतिबंधित 12 देश (जारी रहेगा बैन)

इन देशों के नागरिकों पर अमेरिका में प्रवेश की पूरी पाबंदी बनी रहेगी—

  1. अफगानिस्तान

  2. म्यांमार (बर्मा)

  3. चाड

  4. रिपब्लिक ऑफ कांगो

  5. इक्वेटोरियल गिनी

  6. इरिट्रिया

  7. हैती

  8. ईरान

  9. लीबिया

  10. सोमालिया

  11. सूडान

  12. यमन

नए जोड़े गए देश (पूरी पाबंदी)

हालिया सुरक्षा समीक्षा के आधार पर 5 और देशों को पूरी तरह बैन की लिस्ट में जोड़ा गया है—

  • बुर्किना फासो

  • माली

  • नाइजर

  • साउथ सूडान

  • सीरिया

इसके अलावा फिलिस्तीनी प्राधिकरण (Palestinian Authority) द्वारा जारी यात्रा दस्तावेज रखने वाले लोगों पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

आंशिक से पूर्ण प्रतिबंध में बदले गए देश

पहले जिन देशों पर आंशिक रोक थी, अब उन पर पूरी पाबंदी लगा दी गई है—

  • लाओस

  • सिएरा लियोन

आंशिक प्रतिबंध वाले देश (पहले से सूची में)

इन देशों के नागरिकों पर कुछ खास तरह के वीजा और एंट्री पर पाबंदी रहेगी—

  • बुुरुंडी

  • क्यूबा

  • टोगो

  • वेनेजुएला

नए जोड़े गए 15 देश (आंशिक प्रतिबंध)

अब इन देशों के नागरिकों पर भी आंशिक यात्रा प्रतिबंध लागू होगा—

  1. अंगोला

  2. एंटीगुआ और बारबुडा

  3. बेनिन

  4. कोट डी’आइवोर

  5. डोमिनिका

  6. गैबॉन

  7. गाम्बिया

  8. मलावी

  9. मॉरिटानिया

  10. नाइजीरिया

  11. सेनेगल

  12. तंजानिया

  13. टोंगा

  14. जाम्बिया

  15. जिम्बाब्वे

किसे मिलेगी छूट?

नए आदेश में कुछ खास लोगों को छूट भी दी गई है—

  • ग्रीन कार्ड धारक (Lawful Permanent Residents)

  • जिनके पास पहले से वैध अमेरिकी वीजा है

  • कुछ खास वीजा कैटेगरी जैसे खिलाड़ी, राजनयिक

  • वे लोग जिनकी एंट्री अमेरिका के राष्ट्रीय हित में मानी जाएगी

हालांकि, परिवार आधारित इमिग्रेंट वीजा में दी जाने वाली ढील को सीमित कर दिया गया है, क्योंकि इनमें धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं। लेकिन केस-दर-केस आधार पर छूट (Waiver) की व्यवस्था अभी भी बनी रहेगी।

एक देश को मिली राहत

तुर्कमेनिस्तान पर गैर-इमिग्रेंट वीजा से जुड़ा प्रतिबंध हटा दिया गया है। अमेरिका का कहना है कि तुर्कमेनिस्तान ने अमेरिकी प्रशासन के साथ बेहतर सहयोग दिखाया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News