डोमिनिकन रिपब्लिक में बड़ा विमान हादसा: टेक-ऑफ के दौरान रनवे पर आग का गोला बना प्राइवेट जेट, दोनों पायलटों की मौत
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 08:28 AM (IST)
Plane Crash: डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार 7 जून को एक प्राइवेट जेट टेक-ऑफ करने के दौरान रनवे पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश होते ही प्लेन में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते करोड़ों का यह जेट मलबे के ढेर में तब्दील हो गया। डोमिनिकन सिविल एविएशन इंस्टीट्यूट (IDAC) के मुताबिक, इस दिल दहला देने वाले हादसे में प्लेन के पायलट और को-पायलट दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। गनीमत यह रही कि विमान में कोई यात्री सवार नहीं था।
हवा में कई बार उछला और फिर लग गई आग
सोशल मीडिया पर इस भयानक हादसे का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही गल्फस्ट्रीम G200 (Gulfstream G200) जेट ने उड़ान भरने के लिए रफ्तार पकड़ी, उसके पहिये रनवे से टकराए और वह पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। रफ्तार तेज होने के कारण विमान हवा में कई बार उछला और कुछ ही सेकेंड में एक बड़े आग के गोले में बदल गया। दूसरे वीडियो में हादसे के बाद आसमान में काले धुएं का एक विशाल गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है।
ऑस्टिन (अमेरिका) के लिए भरने वाला था उड़ान
एविएशन अथॉरिटी से मिली जानकारी के अनुसार, यह प्राइवेट विमान प्यूर्टो रिको से उड़ान भरकर डोमिनिकन रिपब्लिक पहुंचा था। यहाँ ला रोमाना एयरपोर्ट पर इसमें ईंधन (Fueling) भरा गया, जिसके बाद इसे अमेरिका के ऑस्टिन के लिए रवाना होना था। टेक-ऑफ से ठीक पहले ला रोमाना से लगभग 16 नॉटिकल मील दक्षिण-पश्चिम में विमान ने एक इमरजेंसी अलर्ट भी जारी किया था, लेकिन इससे पहले कि स्थिति को संभाला जाता, रनवे पर यह बड़ा हादसा हो गया।
#DePlaneta Un jet privado se estrelló en el Aeropuerto La Romana, en República Dominicana, cuando regresó por presentar desperfectos e intentó hacer un aterrizaje de emergencia. 📹Cortesía. pic.twitter.com/K6utod6D8i
— Diario El Salvador (@elsalvador) June 7, 2026
जांच में जुटीं नेशनल एविएशन एजेंसियां
हादसे की खबर मिलते ही एयरपोर्ट पर इमरजेंसी सेवाएं और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों पायलटों को बचाया नहीं जा सका। नेशनल एविएशन अथॉरिटी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए हाई-लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं। ब्लैक बॉक्स और रनवे के तकनीकी डेटा की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टेक-ऑफ के वक्त विमान का संतुलन क्यों बिगड़ा और इमरजेंसी अलर्ट के पीछे की असली वजह क्या थी।
