लाइव स्ट्रीमिंग दौरान इन्फ्लुएंसर की गोली मारकर हत्या; रेस्टोरेंट के बाहर अश्लील चैलेंज करते हुई खौफनाक वारदात(Video)
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 06:12 PM (IST)
Mexico City: सोशल मीडिया पर कॉमेडी स्टंट और मजेदार वीडियो बनाने वाले एक मैक्सिकन इन्फ्लुएंसर की लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मेक्सिको के साइनालोआ राज्य की राजधानी कुलियाकान में एक व्यस्त शॉपिंग प्लाजा के पास हुई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय सीजर गैस्टेलुम के रूप में हुई है। उनके टिकटॉक पर 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। घटना के वक्त वह अपने दो दोस्तों के साथ एक कॉमेडी चैलेंज की लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे थे। रिपोर्ट के मुताबिक, गैस्टेलुम और उनके दोनों दोस्त एक सोशल मीडिया चैलेंज के तहत फूड डिलीवरी कर्मचारियों की तरह कपड़े पहने हुए थे।
Mexican TikTok influencer César Gastélum was shot dead while livestreaming in Culiacán.
— Kingpin of Kenya (@ClintonObonyo) August 5, 2026
He was filming with two friends outside a fast-food restaurant when two men on a motorcycle approached. One opened fire at close range before fleeing. pic.twitter.com/DOQSqkdYUU
उन्होंने चमकीले रंग की जैकेट और डिलीवरी बैग भी पहन रखे थे। तीनों एक फास्ट फूड रेस्टोरेंट के बाहर मौजूद थे और इस पूरे स्टंट को सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित किया जा रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग वहां पहुंचे। ऑनलाइन सामने आए वीडियो के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग गैस्टेलुम और उनके साथियों के पास पहुंचे। रिपोर्टों के मुताबिक, बाइक चला रहे व्यक्ति ने गैस्टेलुम को सिर में गोली मार दी। हमले के बाद लाइव स्ट्रीम रुक गई। बाद में टिकटॉक से भी संबंधित लाइव वीडियो हटा दिया गया, हालांकि घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते रहे।स्थानीय पुलिस ने बाद में गैस्टेलुम की मौत की पुष्टि की। घटना के शुरुआती चरण में पुलिस ने एक डिलीवरी कर्मचारी की हत्या की सूचना दी थी। इसका कारण संभवतः गैस्टेलुम और उनके साथियों के डिलीवरी वर्कर जैसे कपड़े और बैग पहनना था।
बाद में जांच में मृतक की पहचान गैस्टेलुम के रूप में हुई। घटना के बाद इलाके में सैनिकों और पुलिस की तैनाती की गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए और शव को वहां से हटाया। यह हमला कुलियाकान के एक व्यस्त शॉपिंग प्लाजा के पास हुआ, जो साइनालोआ के अभियोजन कार्यालय से भी ज्यादा दूर नहीं है। इस इलाके में पिछले कुछ समय से आपराधिक गिरोहों के बीच संघर्ष और हिंसा की घटनाएं चिंता का कारण बनी हुई हैं। साइनालोआ लंबे समय से मेक्सिको के शक्तिशाली ड्रग कार्टेल नेटवर्क के लिए जाना जाता है। पिछले दो वर्षों में क्षेत्र में आपराधिक गुटों के बीच आंतरिक संघर्ष की स्थिति भी बनी रही है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में साइनालोआ में करीब एक दर्जन सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मारे जा चुके हैं। इनमें से कुछ के आपराधिक गिरोहों से कथित संबंध होने की बात भी सामने आई है।2024 में यूट्यूबर मिगुएल विवांको, जिन्हें ‘एल जैस्पर’ के नाम से जाना जाता था, कुलियाकान में मृत पाए गए थे।
पुलिस को शक था कि उनकी हत्या में कुख्यात आपराधिक गिरोह से जुड़े लोगों की भूमिका हो सकती है। इससे पहले 2022 में टिकटॉकर कार्ला पार्दिनी की भी कुलियाकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हालांकि, उस समय उनकी हत्या का आपराधिक गिरोहों से सीधा संबंध स्पष्ट नहीं हो पाया था। गैस्टेलुम की हत्या से पहले भी मेक्सिको में लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान एक महिला इन्फ्लुएंसर की हत्या ने दुनिया का ध्यान खींचा था। 23 वर्षीय वैलेरिया मार्केज की कथित तौर पर उस समय हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने ब्यूटी सैलून से सोशल मीडिया पर लाइव थीं।इस मामले में मेक्सिको के अधिकारियों ने एक कुख्यात आपराधिक गिरोह से जुड़े व्यक्ति पर हत्या की साजिश का आरोप लगाया था। आरोप के मुताबिक, हमलावर डिलीवरी ड्राइवर बनकर सैलून पहुंचा था।
हालांकि, गैस्टेलुम की हत्या को इस मामले से जोड़ने वाला कोई आधिकारिक प्रमाण फिलहाल सामने नहीं आया है। गैस्टेलुम ने पहले भी मारे गए इन्फ्लुएंसर की कब्र पर तस्वीर पोस्ट की थी। गैस्टेलुम की हालिया सोशल मीडिया पोस्ट में उन्हें एक अन्य मारे गए इन्फ्लुएंसर लियोबार्डो एस्पुरो, जिन्हें ‘एल गॉर्डो पेरुची’ के नाम से जाना जाता था, की कब्र के सामने देखा गया था। एस्पुरो की 2024 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने उस मामले में साइनालोआ के दो प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गुटों के बीच संघर्ष की संभावित भूमिका की जांच की थी। गैस्टेलुम की हत्या ने एक बार फिर साइनालोआ में सोशल मीडिया क्रिएटर्स की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस क्षेत्र में कार्टेल से जुड़े संघर्ष, गैंगवार और लक्षित हत्याओं की घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय कुछ इन्फ्लुएंसरों के कथित तौर पर आपराधिक नेटवर्क से संपर्क होने के आरोप भी लगते रहे हैं।व
