बड़ा हादसाः F-35B स्टील्थ फाइटर जेट हुआ क्रैश, आसमान में उड़ता दिखा काला धुंआ, देखें Video

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 12:47 AM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः दक्षिणी कैलिफोर्निया में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का एक अत्याधुनिक F-35B स्टील्थ फाइटर जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, यह हादसा सैन डिएगो स्थित मिरामार एयर बेस (Miramar Air Base) के पास शुक्रवार दोपहर को हुआ।

पायलट की स्थिति और बचाव कार्य
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले ही पायलट ने सुरक्षित रूप से खुद को विमान से बाहर (Eject) निकाल लिया था। पायलट को बरामद कर लिया गया है और उसे चिकित्सा सुविधा केंद्र ले जाया गया है, हालांकि उसकी वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तृत विवरण साझा नहीं किया गया है।

गंभीर श्रेणी का हादसा
मरीन कॉर्प्स ने इस घटना को "क्लास ए मिसहैप" (Class A mishap) करार दिया है। यह सैन्य विमानन में दुर्घटना की सबसे गंभीर श्रेणी है, जिसका उपयोग तब किया जाता है जब विमान पूरी तरह नष्ट हो जाए, सैन्य कर्मी की मृत्यु हो जाए या कुल नुकसान 20 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 16 करोड़ रुपये) से अधिक का हो।

घटनास्थल का दृश्य
एक समाचार हेलीकॉप्टर द्वारा लिए गए वीडियो में दुर्घटना स्थल से काले धुएं का गुबार उठता देखा गया। विमान एक कच्चे मैदान में गिरा था, जहां आग बुझाने के लिए सैन्य और दमकल की गाड़ियां तैनात थीं। मलबे के चारों ओर आग बुझाने वाला सफेद झाग (flame retardant) देखा गया। सैन डिएगो फायर की प्रवक्ता कैंडिस हेडली ने बताया कि विमान गिरने से आसपास की वनस्पतियों में भी आग लग गई थी, जिसे बुझाने के लिए दमकलकर्मी मौके पर मौजूद थे।

F-35B विमान की खासियत
F-35B दुनिया के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों में से एक है, जिसका उपयोग अमेरिकी मरीन कॉर्प्स, नेवी और एयर फोर्स द्वारा किया जाता है। इस विमान का 'B' संस्करण विशेष रूप से कम दूरी से टेक-ऑफ करने और लंबवत (Vertical) लैंडिंग करने में सक्षम है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News