ऑस्ट्रेलिया के मोटल में गोलीबारी से मची अफरा-तफरी, 4 की मौत

punjabkesari.in Wednesday, Jun 05, 2019 - 11:00 AM (IST)

सिडनीः उत्तरी ऑस्ट्रेलिया के डार्विन में मंगलवार की देर रात को एक मोटल में हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। घटना में 4 लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने हमलावर को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, इस दौरान एक घंटे उसने दहशत का माहौल खड़ा कर दिया था। ड्यूटी सुप्रीटेंडेंट ली मॉर्गन ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है। जनता को कोई खतरा नहीं है और यह आतंकी हमला नहीं है।

मंगलवार शाम एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कमिश्नर रीस केरशॉ ने कहा कि संदिग्ध को पुलिस से अच्छी तरह से जानती है। वह जनवरी में पेरोल पर जेल से छूटा था। यह भयानक गोलीबारी एक मोटल में हुई जहां पकड़े जाने से पहले बंदूकधारी ने एक घंटे तक मोटल में कहर बरपाया। कमरों में घुसकर उसने फायरिंग की। केरशॉ ने संवाददाताओं से कहा कि हम अब भी घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी क्षेत्र के मुख्यमंत्री माइकल गनर ने कहा कि इस हादसे में पांच जगहों पर गोलीबारी की गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना उत्तरी क्षेत्र के लिए विनाशकारी दिन के रूप में सामने आई है। बताते चलें कि ऑस्ट्रेलिया में गोलीबारी की घटनाएं दुर्लभ ही होती हैं। दरअसल, तंमानिया के एक लोकप्रिय पर्यटक स्थल पोर्ट आर्थर में 1996 के नरसंहार के बाद देश में बंदूक नियंत्रण के सख्त कदम उठाए गए थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Tanuja

Recommended News

Related News