जर्मनी में चर्चों में इस्लामिक हमले की योजना बनाते 4 किशोर गिरफ्तार, संदिग्धों  में 2 लड़कियां भी

punjabkesari.in Saturday, Apr 13, 2024 - 11:07 AM (IST)

बर्लिन: जर्मनी में इस्लामिक चरमपंथी हमला करने की योजना बनाने के संदेह में चार किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। प्राधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। डुसेल्डोर्फ शहर के अभियोजकों ने बताया कि तीन संदिग्धों में 15 और 16 साल की दो लड़कियां तथा 15 साल का लड़का शामिल है जो पश्चिमी नॉर्थ राइन-वेस्टफालिया राज्य के विभिन्न हिस्सों से ताल्लुक रखते हैं। यह जर्मनी का सबसे घनी आबादी वाला राज्य है। एक अदालत ने ईस्टर सप्ताहांत में उनके लिए वारंट जारी किया था जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

 

जर्मन समाचार एजेंसी ‘DPA' ने बताया कि चौथा संदिग्ध 16 वर्षीय लड़का है जिसे दक्षिणपश्चिमी बाडेन-वुर्टेमबर्ग राज्य से गिरफ्तार किया गया। अभियोजकों ने एक बयान में कहा कि पश्चिमी जर्मनी में हिरासत में लिए गए तीन लोगों पर खुद को ‘‘इस्लाम से प्रेरित आतंकवादी हमले'' को अंजाम देने के लिए तैयार घोषित करने और इस तरह के हमले की योजना बनाने का संदेह है। उन्होंने बताया कि वे संदिग्धों की कम उम्र तथा जांच जारी रहने के कारण और जानकारियां नहीं दे सकते हैं।

 

नॉर्थ राइन-वेस्टफालिया के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी एवं राज्य के गृह मंत्री हर्बर्ट रुल ने बताया कि 16 वर्षीय लड़की के जर्मनी छोड़कर इस्लामिक स्टेट में शामिल होने की संदिग्ध योजना का पता लगने के बाद इस मामले की जांच शुरू की गयी। डीपीए ने बताया कि लड़की के मोबाइल फोन में चैट पर उसके गृह नगर इसरलोह्न में गिरजाघरों और सभाओं के साथ ही डोर्टमुंड, डुसेल्डोर्फ या कोलोग्ने में संभावित हमलों के बारे में पता चला जिसके बाद अन्य संदिग्धों को पकड़ा गया।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Recommended News

Related News