टेकऑफ दौरान पैदल व्यक्ति से टकराया विमान; इंजन में भड़क गई आग, फंस गई 231 यात्रियों की जान(Video)

punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 07:57 PM (IST)

International Desk: अमेरिका के डेनवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (Denver International Airport) पर एक बड़ा हादसा उस समय हो गया जब Frontier Airlines का एक विमान टेकऑफ के दौरान रनवे पर मौजूद एक पैदल व्यक्ति से टकरा गया। हादसे के बाद विमान के इंजन में आग लग गई और यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। यह घटना शुक्रवार रात करीब 11:19 बजे हुई। विमान डेनवर से लॉस एंजिल्स अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (Los Angeles International Airport) जा रहा था। एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक टेकऑफ के दौरान पायलट ने कंट्रोल टावर को बताया, “हम रनवे पर रुक रहे हैं… हमने किसी को टक्कर मार दी है… इंजन में आग लगी है।”

 

पायलट ने यह भी बताया कि विमान में कुल 231 लोग सवार थे। ऑडियो रिकॉर्डिंग के अनुसार पायलट ने कहा कि एक व्यक्ति रनवे पार कर रहा था, तभी यह हादसा हुआ। इसके बाद विमान के अंदर धुआं भरने लगा और तुरंत इमरजेंसी इवैक्युएशन शुरू कर दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि यह Airbus A321 विमान था, जिसमें 224 यात्री और 7 क्रू सदस्य मौजूद थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर बसों से टर्मिनल पहुंचाया गया।

 

फिलहाल किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है। हालांकि जिस पैदल व्यक्ति को टक्कर लगी, उसकी हालत को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। घटना के बाद रनवे 17L को बंद कर दिया गया है। National Transportation Safety Board को भी जांच के लिए सूचित कर दिया गया है। यह सवाल अब सबसे बड़ा बन गया है कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद कोई व्यक्ति रनवे तक पहुंचा कैसे। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News