यूक्रेन का रूस के तेल ठिकानों पर ड्रोन अटैक, सिजरान रिफाइनरी में भड़कीं आग की लपटें, जवाबी रूसी हमले में 4 लोगों की मौत (Video)
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 05:55 PM (IST)
Moscow: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन ने रूस की ऊर्जा व्यवस्था पर एक और बड़ा हमला किया है। रूस के समारा क्षेत्र में स्थित सिजरान ऑयल रिफाइनरी को ड्रोन हमले में निशाना बनाए जाने की खबर है। हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में आग लग गई और कई जगहों से धुआं उठता दिखाई दिया। यूक्रेन के जनरल स्टाफ ने भी सिजरान और इल्स्की रिफाइनरियों को निशाना बनाए जाने की पुष्टि की है। रिपोर्टों के मुताबिक, 7 और 8 अगस्त की रात रूस के कई इलाकों में ड्रोन हमले हुए। इसी दौरान समारा क्षेत्र के सिजरान स्थित तेल रिफाइनरी को भी निशाना बनाया गया।
इसके जवाब में यूक्रेन की राजधानी कीव और आसपास के क्षेत्र में रूस के हमलों में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। शनिवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव के उत्तर-पूर्व क्षेत्र के ब्रोवरी जिले में रूसी ड्रोन हमलों से एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसमें दो बुजुर्ग दंपति और उनके तीन वर्षीय पोते की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि कीव में ''नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर छह बैलिस्टिक मिसाइल से किए गए हमले'' में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई। यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस की ओर से रात में दागे गए 151 ड्रोन में से 135 को उसने मार गिराया या बीच में ही रोक दिया। हमले में छह बैलिस्टिक मिसाइल और अन्य निर्देशित मिसाइल का भी इस्तेमाल किया गया।
BREAKING:
— Visegrád 24 (@visegrad24) August 8, 2026
New videos reveal 3 huge fires causing enormous damage at the Syzran oil refinery in the Samara region of Russia after a Ukrainian drone swarm attack this morning
The Syzran oil refinery has a refining capacity of 8.5 million tons of oil per year. Bad news for Russia! pic.twitter.com/fl9xpXWMIT
वहीं, रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी क्रास्नोडार क्षेत्र स्थित इल्स्की तेल रिफाइनरी में ड्रोन के मलबे के गिरने से आग लग गई, जिसमें पांच लोग घायल हो गए। यूक्रेन द्वारा घरेलू स्तर पर विकसित हथियारों से किए जा रहे मिसाइल हमलों ने कई महीनों से रूस के तेल प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस अभियान के कारण ईंधन संकट से रूस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नवीनतम हमले जेलेंस्की के शुक्रवार को सर्बिया की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर पहुंचने के कुछ घंटे बाद हुए। सर्बिया उन कुछ यूरोपीय देशों में शामिल है, जिसने यूक्रेन पर रूस के हमले के बावजूद मॉस्को के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखे हैं।
हमले के बाद रिफाइनरी परिसर में आग लगने की सूचना सामने आई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रिफाइनरी क्षेत्र में आग की लपटें और धुएं का गुबार दिखाई देने का दावा किया गया है यूक्रेन के जनरल स्टाफ के मुताबिक, रात के हमलों में सिजरान और इल्स्की ऑयल रिफाइनरियों को निशाना बनाया गया। इल्स्की रिफाइनरी रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र में है, जबकि सिजरान रिफाइनरी समारा क्षेत्र में स्थित है। रॉयटर्स के मुताबिक, इल्स्की रिफाइनरी में लगी आग को बाद में बुझा दिया गया। वहीं सिजरान रिफाइनरी पर हमले के बाद आग लगने की रिपोर्ट सामने आई।रूसी तेल रिफाइनरियां पिछले कई महीनों से यूक्रेनी ड्रोन हमलों का निशाना बन रही हैं। ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर लगातार हमलों का उद्देश्य रूस की ईंधन उत्पादन और आपूर्ति क्षमता को प्रभावित करना बताया जाता है। सिजरान रिफाइनरी रूस की प्रमुख तेल प्रसंस्करण सुविधाओं में शामिल है। उपलब्ध ऊर्जा आंकड़ों में इसकी क्षमता करीब 1.71 लाख बैरल प्रतिदिन बताई गई है।
