सैंकड़ों यात्रियों से भरी फ्लाइट में अचानक हड़कंप; 6 क्रू मेंबर्स की बिगड़ गई हालत, करानी पड़ी आपात लैंडिंग

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 02:39 PM (IST)

Washington: अमेरिकन एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में अचानक फैली रहस्यमयी गंध के कारण अफरा-तफरी मच गई। बदबू फैलने के बाद कई फ्लाइट अटेंडेंट्स की तबीयत बिगड़ गई और एक यात्री भी अस्वस्थ हो गया। हालात को देखते हुए पायलट ने विमान की बीच रास्ते आपातकालीन लैंडिंग कराई। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 25 जुलाई की है। अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 719 इटली की राजधानी रोम से अमेरिका के फिलाडेल्फिया जा रही थी। विमान में 281 यात्री सवार थे। उड़ान भरने के लगभग तीन घंटे बाद केबिन में अचानक एक रहस्यमयी गंध फैलने लगी।
 

गंध फैलते ही विमान में मौजूद 9 फ्लाइट अटेंडेंट्स में से 6 को चक्कर आने लगे और वे असहज महसूस करने लगे। एयरलाइन की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि गंध विमान के ओवन से आई थी, लेकिन इसकी वास्तविक वजह का अभी तक पता नहीं चल सका है। विमान के उतरते ही पैरामेडिक्स और इमरजेंसी मेडिकल टीम मौके पर पहुंच गई। सभी 6 फ्लाइट अटेंडेंट्स और एक यात्री की स्वास्थ्य जांच की गई। राहत की बात यह रही कि किसी को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी और जांच के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
 

अमेरिकन एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों के लिए बिना अतिरिक्त शुल्क के होटल में ठहरने की व्यवस्था की। इसके बाद सभी यात्रियों को अगले दिन फिलाडेल्फिया जाने वाली दूसरी उड़ानों से उनके गंतव्य तक भेजा गया। एयरलाइन ने यात्रियों के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि कर्मचारियों ने पूरे घटनाक्रम के दौरान बेहद पेशेवर तरीके से स्थिति को संभाला।
 
यह पहली बार नहीं है जब अमेरिकन एयरलाइंस की किसी उड़ान में रहस्यमयी गंध की शिकायत सामने आई हो। जून 2026 में रोचेस्टर से फिलाडेल्फिया जा रही फ्लाइट 5907 को कॉकपिट में तेज गंध के कारण सिराक्यूज़ में उतारना पड़ा था। उस घटना में दो पायलटों को मतली महसूस हुई थी। नवंबर 2025 में ऑरलैंडो से फीनिक्स जा रही एक अन्य उड़ान को भी ह्यूस्टन में अनियोजित लैंडिंग करनी पड़ी थी। उस समय चार फ्लाइट अटेंडेंट्स और एक यात्री को एहतियातन अस्पताल ले जाया गया था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News