पंचायत सीजन 4 का NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में जलवा, अपने नाम किए ये खिताब
punjabkesari.in Tuesday, Jul 21, 2026 - 02:47 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। दर्शकों के दिलों में खास जगह बना चुकी TVF की लोकप्रिय सीरीज 'पंचायत सीजन 4' ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीरीज ने NEXA इंडियन स्ट्रीमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स 2026 में शानदार जीत दर्ज करते हुए बेस्ट सीरीज का अवॉर्ड अपने नाम किया। इसके अलावा सीरीज के लिए चंदन कुमार को बेस्ट ओरिजिनल स्टोरी (सीरीज) के सम्मान से नवाजा गया।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर जताई खुशी
'पंचायत सीजन 4' की इस बड़ी सफलता का जश्न मनाते हुए मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने पूरी टीम, प्राइम वीडियो, अवॉर्ड संस्था और दर्शकों का धन्यवाद करते हुए लिखा कि यह सम्मान उन सभी लोगों के प्यार और समर्थन का नतीजा है, जिन्होंने इस कहानी को लाखों दिलों तक पहुंचाया।
मेकर्स ने कहा कि पंचायत की सफलता के पीछे पूरी टीम की मेहनत और दर्शकों का भरोसा सबसे बड़ी वजह है। उन्होंने उन कहानियों को समर्थन देने के लिए प्राइम वीडियो का भी आभार जताया, जो लोगों से सीधा जुड़ाव बना पाती हैं।
गांव की सादगी और असली जिंदगी ने जीता दर्शकों का दिल
साल 2020 में शुरू हुई 'पंचायत' ने गांव की जिंदगी को बेहद सरल, वास्तविक और भावनात्मक अंदाज में पेश किया। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अभिषेक त्रिपाठी के पंचायत सचिव बनने और गांव की परिस्थितियों से तालमेल बैठाने की कहानी ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। समय के साथ यह सीरीज सिर्फ एक शो नहीं बल्कि एक कल्चरल फिनॉमेनन बन गई। इसकी सादगी, हल्का-फुल्का हास्य, भावनात्मक कहानी और आम लोगों जैसे किरदारों ने इसे हर उम्र के दर्शकों से जोड़ दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं 'पंचायत' का जिक्र
'पंचायत' की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कलाकारों से मुलाकात के दौरान इस सीरीज का जिक्र किया था। शो की कहानी और इसके कलाकारों की प्रस्तुति को देशभर में खूब सराहा गया।
कई बड़े अवॉर्ड्स अपने नाम कर चुकी है पंचायत
'पंचायत' इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार जीत चुकी है। सीरीज को दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2025, आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2025 और आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स 2026 जैसे मंचों पर सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पंचायत की लोकप्रियता लगातार बनी रही। इस सीरीज ने जितेंद्र कुमार, फैसल मलिक, अशोक पाठक और दुर्गेश कुमार जैसे कलाकारों को घर-घर में पहचान दिलाई।
TVF की मजबूत कहानी कहने की विरासत जारी
'पंचायत' की सफलता TVF की बेहतरीन कहानी कहने की क्षमता को दर्शाती है। पिछले कुछ वर्षों में TVF ने ऐसी कई कहानियां पेश की हैं, जिनसे दर्शक खुद को जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
हाल ही में प्राइम वीडियो प्रेजेंट्स इवेंट में भी TVF ने अपनी आगामी परियोजनाओं की बड़ी लाइनअप पेश की। इसमें Vvan, कॉलेज फेस्ट, पिरामिड, वंश जैसी नई परियोजनाओं के साथ-साथ एस्पिरेंट्स, पंचायत, ग्राम चिकित्सालय, सपने vs एवरीवन और संदीप भैया के नए सीजन शामिल हैं।
'पंचायत सीजन 4' की यह जीत एक बार फिर साबित करती है कि अच्छी कहानी और मजबूत किरदार दर्शकों के दिलों में लंबे समय तक अपनी जगह बनाए रखते हैं।
