जबलपुर क्रूज हादसा: 9 मौतों ने हिला दिया देश, सोनू सूद ने उठाए बड़े सवाल

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 05:51 PM (IST)

नई दिल्ली/टीम डिजिटल। मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीम लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है और अब तक 22 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। शुरुआती रिपोर्ट्स में मौत का आंकड़ा कम था, लेकिन जैसे-जैसे ऑपरेशन आगे बढ़ा, मौतों की संख्या बढ़ती गई।

सोनू सूद का रिएक्शन
इस दर्दनाक हादसे पर बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने गहरा दुख जताया और सरकार से सख्त कदम उठाने की मांग की। उन्होंने अपने एक्स (Twitter) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा कि इससे पहले भी उन्होंने बिहार और वृंदावन की नाव दुर्घटनाओं के बाद लाइफ जैकेट अनिवार्य करने की अपील की थी, लेकिन हालात अब भी नहीं बदले।

सरकार से सख्त नियम लागू करने की मांग
सोनू सूद ने सवाल उठाते हुए कहा 'कितनी और जानें जाएंगी?' उन्होंने सुझाव दिया कि अब यह नियम अनिवार्य होना चाहिए कि हर यात्री लाइफ जैकेट पहनकर ही नाव में बैठे। इसके साथ ही उन्होंने एक सरकारी पोर्टल बनाने की बात कही, जहां यात्रा शुरू होने से पहले लाइफ जैकेट पहने होने का टाइम-स्टैम्प्ड प्रूफ अपलोड किया जाए। उनका मानना है कि सिर्फ कड़ी जवाबदेही और सख्त नियम ही ऐसे हादसों को रोक सकते हैं।

मुख्यमंत्री का ऐलान
इस हादसे के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। सरकार की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज़ कर दिए गए हैं।

बार-बार हो रहे हादसे, लेकिन सबक नहीं
यह पहली बार नहीं है जब नाव या क्रूज हादसे में इतनी जानें गई हों। बिहार, वृंदावन और अब जबलपुर लगातार हो रही घटनाएं यह सवाल खड़ा कर रही हैं कि क्या सुरक्षा नियम सिर्फ कागजों तक ही सीमित हैं?

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News