Yogini Ekadashi 2025: योगिनी एकादशी के शुभ दिन करें ये दान, धन-धान्य और सुख की होगी प्राप्ति
punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 06:02 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Yogini Ekadashi 2025: हिंदू धर्म में हर एक एकादशी का अपना ही एक अलग महत्व है। आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को योगिनी एकादशी कहा जाता है। योगिनी एकादशी हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण एकादशी व्रतों में से एक है। इस एकादशी को धर्म, स्वास्थ्य और मोक्ष की प्राप्ति के लिए विशेष माना गया है। मान्यता है कि इस दिन सभी पापों से मुक्ति पाने और सौभाग्य और समृद्धि की प्राप्ति के लिए भगवान विष्णु की विशेष रूप से पूजा की जाती है और व्रत रखा जाता है। इस दिन श्री हरि को प्रसन्न करने से लिए कुछ खास चीजों का भी दान किया जाता है। तो आइए जानते हैं कि योगिनी एकादशी के दिन किन चीजों का दान करना चाहिए।
योगिनी एकादशी के दिन करें इन चीजों का दान
वस्त्र का दान
योगिनी एकादशी के दिन जरूरतमंदों को कपड़े दान करना सबसे पुण्यकारी कार्यों में से एक माना गया है। यह दान आत्मिक शांति और पुण्य दोनों प्रदान करता है। साथ ही शुभ फलों की प्राप्ति होती है।
तुलसी का पौधा
भगवान विष्णु को प्रिय होने के कारण तुलसी का पौधा दान करना चाहिए। माना जाता है कि एकादशी के दिन तुलसी के पौधे को दान करने से घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। साथ ही मां लक्ष्मी का वास होता है।
जल दान
गर्मी के मौसम में जलदान को बहुत खास माना गया है। इस दिन पियासे लोगों को पानी पिलाने से श्री हरि प्रसन्न होते हैं और अपना आशीर्वाद बनाए रखते हैं।
दूध या फल का दान
योगिनी एकादशी के दिन ब्राह्मणों या जरूरतमंदों को फल या दूध दान करना चाहिए। कहा जाता है कि फल और दूध का दान देना स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ पुण्य भी बढ़ाता है।