Weekly numerology (21-27June): आपके लिए कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Jun 21, 2021 - 07:59 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव भरा रहेगा। सोमवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। हालांकि सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ आपको कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ेगा। पिता की सेहत का ख्याल रखें। निजी जीवन की जिम्मेदारियों के कारण कामकाज पर कम ध्यान दे पाएंगे। संतान पक्ष से कोई शुभ समाचार प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र पर कर्मचारी वर्ग के साथ किसी प्रकार की बहस हो सकती है। मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। सप्ताह के अंत में भाई की मदद से कोई रुका हुआ कार्य पूरा होगा।
उपाय:- पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। 
बंदरों को गुड़ खिलाएं।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले जातकों को सप्ताह की शुरुआत का समय थोड़ा सावधानी से बिताना होगा। कामकाज की अधिकता के कारण अनिंद्रा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। वाणी पर संयम रखें। किसी को अपशब्द न कहें। छोटी बहन के साथ विवाद न करें। घर खर्च में अधिकता के कारण नकदी धन की स्थिति कमजोर हो सकती है। माता की सेहत का ख्याल रखें, मन अकारण ही परेशान रहेगा। शनिवार के दिन कोई भी फैसला जल्दबाजी में लेने से बचें। धैर्य से काम लें, व्यर्थ का उतावलापन नुकसानदेह साबित हो सकता है।
उपाय:- यथासंभव चांदी के पात्र में जल पियें। 
चांदी के आभूषण धारण करें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले जातकों के लिए सप्ताह के परिणाम साधारण रहेंगे। सोमवार का दिन मूलांक 3 वाले जातकों के लिए शुभ रहेगा। किसी को उधार दी हुई धनराशि वापिस मिल सकती है। हालांकि सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ कुछ प्रतिकूल परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। सांस संबंधी तकलीफ उत्पन्न होने की संभावना बनती है। व्यापार में कुछ परिवर्तनों का सामना करना पड़ सकता है। जीवन साथी के साथ बहस हो सकती है। आपका मन योग और अध्यात्म में लगेगा। आपके कार्य स्वयं की मेहनत से पूरे होंगे। सप्ताह के अंत में पिता की सलाह से काम बनेंगे।
उपाय:- दूध में हल्दी डालकर सेवन करें। 
गुरुजनों एवं बड़ों का आशीर्वाद लें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वाले जातकों को इस सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। बहुत सी घटनाएं अकस्मात होंगी। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातक किसी विदेशी शैली को सीखने की ओर अग्रसर हो सकते हैं। किसी विद्युत उपकरण का इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरतें। जीवन साथी के साथ संबंधों में शक के कारण मनमुटाव पैदा हो सकता है। सप्ताह के मध्य में आपकी योजनाओं को मार्ग प्राप्त होगा परंतु कोई भी निर्णय सोच-समझ कर लें। सप्ताह के अंत में कहीं घूमने जाने की योजना बना सकते हैं। किसी मित्र के साथ बहुत लंबे समय के बाद संपर्क हो सकता है।
उपाय:- हनुमान चालीसा का पाठ करें। 
चांदी का चौकोर टुकड़ा अपने पास रखें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। सोमवार का दिन शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातकों के लिए अच्छा रहेगा। सप्ताह के मध्य में जीवन में कोई प्रेम संबंध दस्तक दे सकता है। बच्चों का मन नृत्य और कला की और ज्यादा लगेगा। जीवन साथी के साथ संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। घर खर्च अधिक बने रहेंगे, जिसके कारण आप व्यर्थ के खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के अंत में किसी छोटी यात्रा पर जाने के योग बनते हैं। स्वास्थ्य का ख्याल रखें। कोई भी निर्णय मन-मस्तिष्क के मध्य सामंजस्य स्थापित करके लें। भावनाओं में आकर लिया हुआ फैसला आगे नुकसानदेह साबित हो सकता है।
उपाय:- कन्या को भोजन करवाएं। 
दुर्गा सप्तशती का पाठ करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातकों के लिए सप्ताह के परिणाम सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में काम का बोझ थोड़ा ज्यादा बना रहेगा, जिसे आप बखूबी संभाल पाएंगे। सप्ताह के मध्य का समय जीवन साथी के साथ अच्छा बीतेगा। संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। खरीदारी पर जा सकते हैं। आप व्यर्थ के दिखावे में अधिक खर्च करने की कोशिश करेंगे। जीवन साथी के साथ अपने मन की बातों को साझा करना मन की शांति प्रदान करेगा। संबंधों में मजबूती आएगी। सप्ताह के अंत में अपने क्रोध पर काबू रखें।
उपाय:-  वस्त्रों का दान न करें। 
गाय की सेवा करें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वाले जातकों के लिए सप्ताह के परिणाम औसतन रूप से सकारात्मक रहेंगे। सप्ताह की शुरूआत का समय शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए अच्छा रहेगा। विचारों में कुछ अस्थिरता उत्पन्न हो सकती है। व्यापार संबंधी यात्रा करनी पड़ सकती है। सप्ताह के मध्य में जीवन साथी के साथ संबंध मजबूत होंगे। आप किसी पुराने समय से इच्छित वस्तु को खरीद सकते हैं। संतान शुभ समाचार देगी। सप्ताह के अंत का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। मांगलिक कार्यों में अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। छोटे भाई-बहन के साथ विवाद हो सकता है।
उपाय:-  कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं। 
पीले रंग का रुमाल अपने पास रखें।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वाले जातकों को सप्ताह के शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। आपकी मेहनत के उत्तम नतीजे मिलेंगे। कारोबार और नौकरी में पदोन्नति के योग बनते हैं। अपनी वाककला का उत्तम रूप से अथवा सोच-समझकर किया गया इस्तेमाल आपके लिए लाभकारी रहेगा। जीवनसाथी के लिए कोई तोहफा खरीद सकते हैं। लोहे का औजार इस्तेमाल करते हुए सावधानी बरतें। सप्ताह के अंत में प्रॉपर्टी संबंधी मामलों में भागीदार बनना पड़ सकता है। आलस्य के कारण कुछ काम देरी से होंगे। भाई के साथ बहस हो सकती है।
उपाय:-  शनि देव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं। 
किसी कर्मचारी को भोजन करवाएं।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वाले जातकों के लिए सप्ताह की शुरुआत कुछ उतार-चढ़ाव भरी रहेगी। सोमवार के दिन पिता की सलाह का अनुसरण करें, सफलता प्राप्त होगी। किसी विदेशी मित्र से संपर्क हो सकता है। कोई भी अहम निर्णय सोच-समझ कर लें। क्रोध में आकर किसी को अपशब्द न कहें। प्रेम संबंधों में उतावलापन बाद में पछतावे का कारण बन सकता है। संतान पक्ष को लेकर चिंतित हो सकते हैं। व्यर्थ के लड़ाई झगड़ों से दूर रहें। सप्ताह के अंत में दृढ़ संकल्प के साथ अपने अधूरे कार्य पूरा करने की कोशिश करें। किसी सामाजिक कार्य में भागीदार बन सकते हैं।
उपाय:-  हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाएं। 
सूर्य को जल दें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News