Weekly numerology (28 Dec.- 3 jan.): जानें, कितना शुभ रहेगा ये सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Dec 28, 2020 - 06:18 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह शुभफलप्रदायी रहेगा। सप्ताह के मध्य का समय थोड़ा सावधानी से बिताएं। सप्ताह की शुरुआत में सभी कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न होंगे। उधार दी हुई धनराशि वापिस मिल सकती है। आपको चीजों में सम्पूर्णता ढूंढने के चक्कर में विलम्ब का सामना करना पड़ सकता है। अहं में आकर किसी को अपशब्द न कहें। वाणी पर संयम रखें। सप्ताह के अंत में आप अंतर्मन से खुशी महसूस करेंगे। घर के बड़ों की सलाह शुभ होगी।
उपाय:- किसी जरूरतमंद को भोजन करवाएं और मीठा भी खिलाएं।
पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वालों के लिए यह सप्ताह मूल रूप से सकारात्मक रहेगा। आपका मन कला व रचना की तरफ झुकेगा। नकदी धन की स्थिति अच्छी रहेगी। आपकी एकाग्रता में वृद्धि होगी। सप्ताह के मध्य में बहन से कहासुनी हो सकती है। हालांकि आप अपनी समझदारी से बात को बढ़ने नहीं देंगे। सप्ताह आगे बढ़ने के साथ-साथ आपके मनोबल में वृद्धि होगी। बच्चों का मन पढ़ाई में लगेगा।
उपाय:- दूध का दान न करें।
माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वाले लोगों के लिए यह सप्ताह अच्छे अवसर लेकर आया है। इस सप्ताह आप किसी नए कार्य की शुरुआत कर सकते हैं। सप्ताह के मध्य में आपका समय नियोजन कुछ गड़बड़ा सकता है। आप किसी शोध पर कार्यरत हैं तो समय आपके लिए अनुकूल है। ऑफिस में बॉस के साथ तालमेल अच्छा रहेगा। विद्यार्थियों की एकाग्रता में वृद्धि होगी। आप किसी नए कोर्स को सीखने का मन बना सकते हैं।
उपाय:- पीपल वृक्ष को जल दें।
गुरुजनों व बड़ों का सम्मान करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं।
मूलांक 4 वालों के लिए यह सप्ताह काफी उतार-चढ़ाव वाला रहेगा। घर में बड़ों के साथ अनबन हो सकती है। आपके विचार व काम करने का तरीका उन्हें नापसंद हो सकता है। आप किसी से पैसे उधार ले सकते हैं। आप गुस्से में किसी को अपमान भरे शब्द न कहें। आपकी बदलती विचारधारा को एक सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। पिता की सेहत का ख्याल रखें। सप्ताह के अंत में छोटी बहन परेशानी का कारण बन सकती है।
उपाय:- जौं को जलप्रवाह करें।
चांदी के पात्र में जल पिएं।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए यह सप्ताह मिलेजुले फल लेकर आया है। सप्ताह की शुरुआत का समय किसी नए कार्य के लिए शुभ है। सरकार से लाभ प्राप्ति के योग बनते हैं। हालांकि आगे सप्ताह के मध्य तक का समय थोड़ा संयम से बिताएं। परिस्थितियां आपके अनुरूप नहीं होंगी। आपका मन परेशान रहेगा। मानसिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। कोई गलत निर्णय लेने से बचें। पिता का साथ प्राप्त होगा। आपको समाज की मूल विचारधारा के विरुद्ध समझा जा सकता है।
उपाय:- तुलसी के पौधे को जल दें।
पक्षियों को हरी मूंग दाल का दाना डालें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वाले जातकों को इस सप्ताह संयम से काम लेना होगा। इस सप्ताह के फल सामान्य दर से निम्न रहेंगे। कोई गुप्तरोग चिंता का कारण बन सकता है। घर में माता-पिता से बहस हो सकती है। घर का माहौल तनावपूर्ण हो सकता है। आपको समाज के नियमों कानूनों के अनुसार कार्य करने के लिए बाध्य किया जा सकता है। हालांकि आपका मन-मस्तिष्क यह अपनाने को तैयार नहीं होगा।
उपाय:- वस्त्रों का दान न करें।
जीवनसाथी को अपशब्द न कहें।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए यह सप्ताह काम के नजरिए से काफी लाभदायक रहेगा। सोमवार के दिन पिता की विशेष मदद प्राप्त होगी। कोई नया कार्य कार्यभार को बढ़ा देगा। जिसके कारण परिवार को समय कम दे पाएंगे। आप व्याकुल व उदास महसूस कर सकते हैं। आपका मन योग व ध्यान की ओर आकर्षित हो सकता है। बृहस्पतिवार के दिन किसी गलत विचार को बढ़ावा न दें। कार्यलय में उच्च अधिकारियों से मदद मिलेगी। घर के बड़ों की सलाह से काम करें, सफलता प्राप्त होगी।
उपाय:- काला-सफ़ेद कम्बल मंदिर में दान करें।
कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों को इस सप्ताह काफी मिलेजुले फल प्राप्त होंगे। सप्ताह की शुरुआत में ऑफिस में बॉस के साथ किसी काम में देरी या आलस न करें। आप अकारण ही मानसिक तौर पर अशांत महसूस करेंगे। आपको आलस को त्यागकर स्वयं मेहनत करनी होगी। सप्ताह के मध्य में किसी प्रकार के अनैतिक विचार से दूर रहें। जीवनसाथी के साथ सम्बन्धों में खटास आ सकती है। क्रोधवश अपशब्द न कहें। आपकी मेहनत को सफलता व सम्मान अवश्य मिलेगा।
उपाय:- शनिदेव जी के मंदिर में सरसों के तेल का दीपक जलाएं।
जीवनसाथी को इत्र उपहार स्वरूप दें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं।  मूलांक 9 वाले जातकों के लिए यह सप्ताह शुभ रहेगा। आपके कार्य बनते नजर आएंगे। घर के बड़ों का विशेष सहयोग प्राप्त होगा। आपके आत्मबल व मनोबल में वृद्धि होगी। आप किसी विदेशी तकनीक को सीखने का मन बना सकते हैं। घर में किसी मंगल कार्य का आयोजन हो सकता है। ऑफिस में बॉस की सहमति प्राप्त होगी। अधिक कार्यभार के कारण मन अशांत रह सकता है। सप्ताह के अंत का समय प्रतियोगिता में सफलता प्राप्ति के योग प्रदान करता है।
उपाय:- छोटे भाई-बहनों के साथ झगड़ा न करें।
लाल रुमाल पास रखें।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.goas.org.in


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News