Vindhyachal Dham : बजट में योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 200 करोड़ से संवरेगा बनारस और विंध्याचल धाम
punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 01:30 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Vindhyachal Dham : उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है। बुधवार को विधानसभा में प्रस्तुत इस बजट का कुल आकार लगभग 9.12 लाख करोड़ रुपये से अधिक रखा गया, जो पिछले सालों की तुलना में करीब एक लाख करोड़ रुपये ज्यादा है। सरकार का कहना है कि यह बजट प्रदेश को ‘विकसित भारत’ और ‘विजन-2047’ की दिशा में आगे बढ़ाने वाला है।
इस बजट में वाराणसी को विशेष महत्व दिया गया है। काशी और विंध्याचल क्षेत्र को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए वाराणसी और विंध्यवासिनी देवी धाम, दोनों स्थानों पर 100-100 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इससे बुनियादी ढांचे, यातायात संपर्क, ठहरने की सुविधाओं और पर्यटकों के समग्र अनुभव को बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
इसके साथ ही वाराणसी, गोरखपुर और प्रयागराज को मेट्रो परियोजना से जोड़ने का प्रस्ताव भी रखा गया है, जो पूर्वांचल के प्रमुख शहरों में शहरी परिवहन को नई दिशा दे सकता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बजट पेश करते हुए कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और दीर्घकालिक विकास लक्ष्यों को हासिल करने के लिए यह महत्वपूर्ण कदम है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2017-18 में प्रदेश का बजट करीब 3.85 लाख करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 2026-27 में 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। यानी लगभग नौ वर्षों में बजट का आकार दोगुने से भी ज्यादा बढ़ चुका है, जो राज्य की बढ़ती आर्थिक क्षमता और विकास प्राथमिकताओं को दर्शाता है।
