बारिश भी नहीं रोक सकी आस्था, नयना देवी धाम में 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 10:46 AM (IST)

नयना देवी (मुकेश): हिमाचल प्रदेश के विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में रविवार को लगातार हो रही बारिश भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं रोक सकी। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से आए 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेका और सुख-समृद्धि की कामना की।

रविवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और पहाड़ी क्षेत्र में रुक-रुक कर तेज बारिश होती रही। बारिश के चलते पूरा मंदिर परिसर ठंडी हवाओं और घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा, जिससे वातावरण और भी भक्तिमय एवं मनोहारी हो गया। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर माता के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे।

 मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने सुव्यवस्थित व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन करवाए। पूरे नयना देवी क्षेत्र में ‘जय माता दी’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित होती रही।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News