तख्त श्री हजूर साहिब एक्ट पर बनी समिति में सिख विद्वानों को भी शामिल करे महाराष्ट्र सरकार : केवल सिंह ढिल्लों
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 01:53 PM (IST)
चंडीगढ़ (स.ह.): भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस को पत्र लिखकर प्रस्तावित ‘तख्त सचखंड श्री हजूर अबचलनगर साहिब गुरुद्वारा एक्ट’ के संबंध में गठित सलाहकार समिति में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ प्रमुख सिख विद्वानों, बुद्धिजीवियों और धार्मिक विशेषज्ञों को भी शामिल करने की मांग की है।
अपने पत्र में ढिल्लों ने विधानसभा में इस महत्वपूर्ण एक्ट को पेश करने से पहले सिख हितधारकों, धार्मिक संस्थाओं और विद्वानों से व्यापक विचार-विमर्श के लिए समिति गठित करने के महाराष्ट्र सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा द्वारा सिख संगत की चिंताओं को उठाए जाने के बाद महाराष्ट्र सरकार और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की ओर से दिखाई गई तत्परता और सकारात्मक पहल सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि यह कदम तख्त श्री हजूर साहिब की पवित्रता के प्रति सरकार के सम्मान और सिख समुदाय की धार्मिक स्वायत्तता की रक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि वर्तमान में गठित सलाहकार समिति में अधिकांश सदस्य नौकरशाही से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब सिख धर्म के पांच पवित्र तख्तों में से एक है और विश्वभर की सिख संगत की गहरी आस्था का केंद्र है। ऐसे में समिति में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रतिष्ठित सिख विद्वानों और बुद्धिजीवियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
