Vaishno Devi Mandir News : वैष्णो देवी भक्तों के लिए खुशखबरी, स्वर्ण जड़ित प्राचीन गुफा के खुले पवित्र द्वार

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 09:48 AM (IST)

Vaishno Devi Mandir News : माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए जनवरी 2026 मकर संक्रांति के बाद से एक बेहद सुखद खबर आई है। साल के अधिकांश समय बंद रहने वाली प्राचीन और प्राकृतिक गुफा को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए फिर से खोल दिया गया है। परंपरा के अनुसार, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जनवरी के मध्य में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्राकृतिक गुफा के द्वार खोले। यह उन भक्तों के लिए एक दुर्लभ अवसर है जो माता के मूल निवास स्थान से दर्शन करना चाहते हैं।

क्यों खुलती है यह गुफा ?
आमतौर पर जब यात्रियों की संख्या प्रति दिन 10,000 से कम होती है, तब प्रशासन इस संकरी प्राचीन गुफा को खोलता है। यह गुफा मुख्य रूप से जनवरी और फरवरी के महीनों में ही खुलती है। मार्च में भक्तों की संख्या बढ़ते ही सुरक्षा कारणों से इसे फिर से बंद कर दिया जाता है।

खुल गए माता वैष्णो देवी की प्राचीन गुफा के द्वार
वर्तमान में श्रद्धालुओं की संख्या में आई कमी को देखते हुए, प्रशासन ने स्वर्ण जड़ित प्राचीन गुफा के द्वारों को दिन और रात के कुछ घंटों के लिए खोल दिया है। जो भक्त इन दिनों भवन पहुंच रहे हैं, उन्हें कृत्रिम गुफा के बजाय माता रानी के मूल और प्राकृतिक स्वरूप के दर्शन करने का दुर्लभ सौभाग्य मिल रहा है। हालांकि, यह व्यवस्था अस्थायी है, जैसे ही यात्रियों की संख्या में फिर से बढ़ोतरी होगी, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस प्राचीन मार्ग को पुनः बंद कर दिया जाएगा।

दर्शन का समय और व्यवस्था
प्राकृतिक गुफा को भीड़ की स्थिति देखकर दिन में कई बार कुछ घंटों के लिए खोला जाता है। वर्तमान में श्रद्धालुओं की संख्या संतुलित होने के कारण भक्त बिना किसी लंबी प्रतीक्षा के और बहुत शांति से माता के दर्शन कर पा रहे हैं। श्राइन बोर्ड ने बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं ताकि वे भी इस ऐतिहासिक पल का हिस्सा बन सकें।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News