Vaishno Devi news: कटड़ा के हैलीपैड परिसर में लगी आग, कम्प्यूटर समेत कीमती सामान जलकर राख
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 07:04 AM (IST)
कटड़ा (अमित): माता वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर कटड़ा के सेरली स्थित हैलीपैड परिसर में शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमों के साथ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद रविवार को आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। प्राथमिक जांच के दौरान आगजनी की घटना का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना जा रहा है अलबत्ता पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस आग की चपेट में आने से टर्मिनल में रखा कम्प्यूटर, इलैक्ट्रॉनिक उपकरणों समेत अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
हादसे का असर रविवार को कटड़ा से सांझीछत के बीच संचालित होने वाली हैलीकॉप्टर सेवा पर भी पड़ा। सुरक्षा कारणों के चलते प्रशासन द्वारा कुछ समय के लिए हैलीकॉप्टर उड़ानों को रोक दिया गया। प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा स्थिति का जायजा लेने तथा हैलीपैड परिसर को सुरक्षित किए जाने के बाद करीब सुबह 8:30 बजे हैलीकॉप्टर सेवा को श्रद्धालुओं के लिए दोबारा शुरू कर दिया गया।
