Ram Mandir News: राम मंदिर चढ़ावा मामले में 25 तक चार्जशीट
punjabkesari.in Tuesday, Sep 22, 2026 - 08:58 AM (IST)
नई दिल्ली (इंट): अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले की स्वतंत्र जांच की मांग वाली याचिकाओं पर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। उत्तर प्रदेश सरकार ने अदालत को बताया कि मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) 2 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल कर देगा। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि मामले में पहली गिरफ्तारी के 90 दिन 25 सितम्बर को पूरे हो रहे हैं। इससे पहले चार्जशीट दाखिल नहीं होने पर आरोपियों को डिफॉल्ट जमानत का लाभ मिल सकता है। इस पर प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि चार्जशीट समय पर दाखिल की जानी चाहिए।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों की पहचान के लिए सी.सी.टी.वी. फुटेज और अन्य सामग्री का बारीकी से विश्लेषण किया गया। अदालत को यह भी बताया गया कि चढ़ावे में मिले कीमती सामान की रसीद विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए तैयार की जाती है और सामान एस.बी.आई. के लॉकर में सुरक्षित रखा जाता है।
