उज्जैन में उमा सांझी महोत्सव की धूम, नारदीय कीर्तन से लोक नृत्य तक दिखा संस्कृति का रंग

punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 01:30 PM (IST)

Uma Sanjhi Mahotsav Ujjain Cultural Program : उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले उमा सांझी महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के साथ हुआ। महोत्सव की शुरुआत घट स्थापना से की गई। इसके बाद सायं आरती, वसंत पूजा और नारदीय कीर्तन का आयोजन हुआ। सभा मंडप में प्राचीन शिला पर कलाकारों द्वारा आकर्षक उमा महल की रंगोली बनाई गई। साथ ही श्री उमा माता जी और शेषनाग की झांकी सजाई गई। सायं 5 से 6 बजे तक ग्वालियर से पधारे समर्थ योगेश पुरन्दरे ढोली बुआ महाराज ने नारदीय कीर्तन की प्रस्तुति दी। वसंत पूजा में वैदिक ब्राह्मणों द्वारा वेदपाठ किया गया।

महोत्सव के तहत श्री महाकाल महालोक में सप्तऋषि प्रतिमाओं के समीप लोक गायन और लोक नृत्य पर आधारित सांस्कृतिक संध्या आयोजित हुई। नर्मदापुरम की ममता मिश्रा के लोक गायन समूह ने बघेली लोकगीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं बड़वाह के संजय महाजन के दल ने गणेश वंदना के साथ संजा, गणगौर, पनिहारी, झालरिया और निमाड़ी लोक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। 

कार्यक्रम के दौरान श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के सहायक प्रशासक अधिकारी आशीष फलवाडिया ने अतिथियों का दुपट्टा, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। मंच संचालन पद्मजा रघुवंशी ने किया। 7 अक्टूबर को भोपाल, उज्जैन के कलाकारों की लोक गायन और लोक नृत्य प्रस्तुतियां होंगी। वहीं श्री महाकाल महालोक में दोपहर 2 से 4 बजे तक चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

-विशाल ठाकुर, उज्जैन

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News