उज्जैन में 6 से 12 अक्टूबर तक होगा उमा-सांझी महोत्सव, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम

punjabkesari.in Monday, Oct 05, 2026 - 12:11 PM (IST)

उज्जैन : श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा श्राद्ध पक्ष के अवसर पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला उमा-सांझी महोत्सव-2026 इस वर्ष 6 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। सात दिवसीय महोत्सव के दौरान मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

महोत्सव की शुरुआत 6 अक्टूबर को घट स्थापना एवं वसंत पूजा के साथ होगी। संध्या आरती के बाद 21 ब्राह्मणों द्वारा वसंत पूजा की जाएगी। इसी दिन श्री महाकाल महालोक में लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

7 अक्टूबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 8 अक्टूबर को श्लोक पाठ प्रतियोगिता, 9 अक्टूबर को रंगोली प्रतियोगिता और 10 अक्टूबर को तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इन आयोजनों के बाद प्रतिदिन लोक गायन और लोक नृत्य की प्रस्तुतियां भी होंगी।

महोत्सव के दौरान प्राचीन सांझी जी की शिला पर प्रतिदिन आकर्षक एवं कलात्मक रंगोली सजाई जाएगी। भगवान श्री महाकालेश्वर के विभिन्न स्वरूपों के मुखौटों से मनोहारी झांकियां भी सजाई जाएंगी।

10 अक्टूबर की रात 11 बजे से 3 बजे तक सभामंडप में श्री जसवंत शर्मा ‘जस्सू गुरु’ एवं मंडली द्वारा सुंदरकांड पाठ और रात्रि जागरण होगा। वहीं महोत्सव के दौरान प्रतिदिन शाम 5 से 6:30 बजे तक श्री योगेश पुरंदरे ढोली बुआ महाराज एवं सहयोगियों द्वारा हरि कीर्तन किया जाएगा।

11 अक्टूबर को कन्या पूजन एवं कन्या भोज और 12 अक्टूबर को उमा माता की भव्य पारंपरिक सवारी निकाली जाएगी। शाम 4 बजे सभामंडप में पूजन के बाद सवारी निकलेगी और जवारे विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का विशेष संगम देखने को मिलेगा।

-विशाल ठाकुर, उज्जैन

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News