उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद का हिस्सा क्षतिग्रस्त
punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 08:41 AM (IST)
उज्जैन (म.प्र.) (एजैंसी): मध्य प्रदेश के उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के लिए बाधाएं हटाने के दौरान एक मस्जिद का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। कलैक्टर रोशन कुमार सिंह ने एक बयान में कहा कि छत्री चौक स्थित मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने का काम आपसी सहयोग से किया जा रहा है और इस दौरान कोई घायल नहीं हुआ।
इससे पहले, आगामी सिंहस्थ कुंभ-2028 के मद्देनजर श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनाने के लिए करीब 900 मीटर लंबे मार्ग को चौड़ा करने की योजना के तहत शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाए जाने को लेकर शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। कलैक्टर ने कहा, “उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद के एक हिस्से को कुछ नुकसान पहुंचा है। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है।” उन्होंने कहा कि काम शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। सिंह ने कहा, “सभी धर्मों और समुदायों के प्रतिनिधि तथा स्थानीय लोग मौके पर मौजूद हैं और हम उनके साथ लगातार संवाद कर रहे हैं।”
