Ujjain Mahakal Mandir News : डाकिया लाएगा खुशियों की सौगात ! बाबा महाकाल के लड्डू प्रसाद की अब होगी घर-घर डिलीवरी
punjabkesari.in Thursday, Feb 26, 2026 - 08:33 AM (IST)
Ujjain Mahakal Mandir News : उज्जैन के बाबा महाकाल के भक्तों के लिए एक बहुत ही सुखद और बड़ी खबर सामने आई है। अब आपको भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने के लिए उज्जैन जाने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि मंदिर का प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद अब आपके घर तक पहुंचेगा।
डाक विभाग के साथ नई शुरुआत
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर डाक विभाग ने एक विशेष स्पीड पोस्ट सेवा शुरू की है। इस सेवा के तहत उज्जैन के महाकालेश्वर और खंडवा के ओंकारेश्वर मंदिर का शुद्ध लड्डू प्रसाद अब देश के किसी भी कोने में रहने वाले श्रद्धालु अपने घर मंगवा सकते हैं।
इस नई शुरुआत की मुख्य विशेषताएं
सुरक्षित और शुद्ध: प्रसाद को सुरक्षित रखने के लिए विशेष वाटरप्रूफ लिफाफे और मजबूत पैकेजिंग का उपयोग किया जाएगा ताकि यह शुद्ध और ताजा बना रहे।
प्रसाद में क्या होगा: पैकेट में आमतौर पर प्रसिद्ध बेसन के लड्डू, बाबा की भस्म (विभूति) और भगवान महाकाल का एक चित्र शामिल होता है।
किफायती सेवा: यह सुविधा बेहद कम शुल्क पर उपलब्ध कराई जा रही है ताकि हर भक्त इसका लाभ उठा सके।
कैसे मंगवाएं प्रसाद ?
भक्तों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए स्थानीय डाकघर के माध्यम से ई-मनीऑर्डर करना होगा। मनीऑर्डर प्राप्त होते ही मंदिर प्रशासन द्वारा स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रसाद संबंधित पते पर भेज दिया जाएगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
