महाकाल की शाही सवारी से पहले उज्जैन में हाई अलर्ट, प्रशासन ने कसी कमर
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 12:00 PM (IST)
Ujjain Mahakaleshwar temple news : उज्जैन में श्रावण-भादौ मास के दौरान निकलने वाली विश्व प्रसिद्ध भगवान श्री महाकालेश्वर की पारंपरिक सवारी और नागपंचमी पर्व की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। रविवार को श्री महाकाल मंदिर परिसर में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सभी विभागों को सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, मंदिर प्रशासक सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होकर 7 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रत्येक सोमवार भगवान महाकाल की पारंपरिक सवारी निकलेगी। वर्तमान में प्रतिदिन एक से डेढ़ लाख श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं और श्रावण में यह संख्या कई गुना बढ़ने की संभावना है। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि श्रावण और नागपंचमी के दौरान कोई भी अधिकारी या कर्मचारी वीआईपी दर्शन कराने का प्रयास न करे, ताकि आम श्रद्धालुओं को असुविधा न हो। ड्यूटी के दौरान मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाने से भी अधिकारियों को बचने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पार्किंग व्यवस्था बढ़ाने, रामघाट पर बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने और सवारी मार्ग पर चल रहे सभी निर्माण कार्य 20 जुलाई तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को खुले तार तत्काल सुरक्षित करने और नगर निगम को भवनों की छतों व बालकनियों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने को कहा गया।
कलेक्टर ने घोषणा की कि 16 जुलाई को सभी विभागों के साथ सवारी मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही इस वर्ष महाकाल की सवारी को और अधिक भव्य बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार धार्मिक अनुभव मिल सके।
(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
