सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर सकल हिंदू समाज ने उठाए सवाल गणेश पंडालों में लगे बैनर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 23, 2026 - 11:18 AM (IST)

Simhastha Encroachment Protest : उज्जैन में सिंहस्थ क्षेत्र से जुड़े अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर विवाद तेज हो गया है। श्री बड़े गणेश मंदिर मार्ग स्थित दादा खड़े हनुमान मंदिर को हटाने की कवायद के बीच सकल हिंदू समाज ने सिंहस्थ क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा है। संगठन की ओर से शहर के करीब 50 गणेश पंडालों में बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। इनमें अवंतिका तीर्थ को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि विकास कार्यों और सड़क चौड़ीकरण के नाम पर यदि मंदिरों को हटाया जा रहा है, तो सिंहस्थ क्षेत्र की जद में आने वाले अन्य धार्मिक स्थलों को लेकर भी प्रशासन को समान प्रक्रिया अपनानी चाहिए।

सकल हिंदू समाज ने दावा किया है कि 5 नंबर नाका क्षेत्र की करीब 8 कॉलोनियां और जूना सोमवारिया का बड़ा हिस्सा सिंहस्थ भूमि पर अवैध रूप से बसा है। संगठन के मुताबिक, 5 नंबर नाका क्षेत्र में 450 से ज्यादा नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अभी तक नहीं हुई। जूना सोमवारिया में पहले कार्रवाई के बाद दोबारा निर्माण किए जाने का भी दावा किया गया है। वहीं, संगठन ने एक सूची का हवाला देते हुए दावा किया कि सिंहस्थ क्षेत्र और सड़क चौड़ीकरण की जद में 11 मस्जिदें और मजारों के हिस्से भी आ रहे हैं। इन पर कार्रवाई को लेकर प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की गई है।

-विशाल ठाकुर, उज्जैन


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News