शुक्र ग्रह का मिथुन राशि में प्रवेश, इन राशियों के भविष्य को देगा नया मोड़

punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2020 - 07:29 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Shukra Rashi Parivartan 2020: कला, सौंदर्य के कारक ग्रह शुक्र का गोचर 1 अगस्त 2020 को 5 बजकर 09 मिनट पर मिथुन राशि में होगा और वह 1 सितंबर सुबह 2 बजकर 02 मिनट तक इसी राशि में स्थित रहेंगे। शुक्र की स्थिति का प्रभाव सभी राशि के जातकों पर अलग-अलग तरह से पड़ेगा। मिथुन राशि में पूर्व से ही राहू विद्यमान हैं, शुक्र के राशि परिवर्तन से मिथुन राशि में राहू-शुक्र की युति होगी जो फिल्म इंडस्ट्री, फैशन, गीत-संगीत,ललित-कलाओं से संबंधित व्यक्तियों के लिए हानिकारक होगी। जानते हैं शुक्र के राशि परिवर्तन से आपकी राशि पर क्या प्रभाव पडऩे वाला है। यह राशिफल चंद्र राशि पर आधारित है।

मेष : यदि आप- अभिनय, संगीत आदि में रुचि रखते हैं तो इस दौरान आपको अपनी कला को प्रदर्शित करने का पूरा मौका मिलेगा। आप अपने रचनात्मक कार्य को ही अपने व्यवसाय में बदल सकते हैं। प्रेम जीवन में भी सुधार आने की पूरी संभावना है। यदि नवविवाहित हैं तो आपके जीवन में किसी नए मेहमान की दस्तक की पूरी संभावना है। स्वास्थ्य के लिहाज से भी अच्छा रहेगा।

वृषभ : अपने परिवार के लोगों के साथ समय बिताना पसंद करेंगे। ज्यादा बचत करने की कोशिश करें। इस अवधि में कर्ज लेने या देने से बचें। खर्चों में वृद्धि हो सकती है, हालांकि इससे आपकी आर्थिक स्थिति पर ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा। शुक्र का यह गोचर अनुकूलता लिए हुए है।

मिथुन : शुक्र ग्रह का गोचर आपके लग्न भाव यानी प्रथम भाव में हो रहा है। जो शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हैं उन्हें भी शुभ परिणाम प्राप्त होंगे। कुछ नया सीखने के लिए इस अवधि में तत्पर रहेंगे। अपने समय की कीमत को समझते हुए इस दौरान आपको आगे बढ़ना चाहिए। एलर्जी होने की संभावना है इसलिए आप उन स्थितियों से और पदार्थों से दूर रहें जिनके कारण आपको एलर्जी होती है। कोई बड़ी बीमारी लगने की संभावना नहीं है।

कर्क : इस अवधि में आपको बहुत सोच-समझकर आगे बढ़ने की जरूरत है। जीवनसाथी के साथ मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। सरकारी नौकरी से संबंधित जातकों का तबादला ऐसी जगह हो सकता है जहां वे जाना नहीं चाहते थे। स्वास्थ्य को लेकर भी आपको सावधान रहना होगा, आंखों से संबंधी समस्याएं इस राशि के लोगों को परेशान कर सकती हैं।

सिंह : आपको यदि लंबे समय से सफलता नहीं मिली थी तो अब उसके मिलने की पूरी संभावना है। कार्यक्षेत्र में इस दौरान सराहना मिलेगी और मेहनत का अच्छा फल मिलेगा। इंटरनैट और सोशल मीडिया से इस राशि के जातकों को फायदा होने की भी उम्मीद है।  इस राशि के जो जातक स्कूल या कालेज में हैं वे अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए इस दौरान निरंतर प्रयास करेंगे।

कन्या : कार्य क्षेत्र में आपको सफलता मिलेगी। कोई नया सामान खरीदना चाहते हैं तो यह समय अनुकूल है। घर के, ऑफिस के अच्छे माहौल के कारण आपको मानसिक शांति अनुभव होगी। फिल्म जगत से जुड़े लोग भी इस दौरान सफलता अर्जित करेंगे। जिस भी प्रोजैक्ट से आप जुड़े हैं उसके सफल होने की पूरी संभावना है। आज की गई मेहनत आपके भविष्य को भी सुधार सकती है।

तुला : विद्यार्थी वर्ग के जातक भी कई कठिन विषयों को समझने में इस दौरान सफल होंगे। आप अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाने की दिशा में अग्रसर होंगे। जो लोग प्रेम संबंधों को शादी के बंधन में बांधना चाहते हैं, वे भी इस दौरान सफल हो सकते हैं। हालांकि आपको सुंदरता या शरीर से ज्यादा अपने साथी से भावनात्मक रूप से जुडऩा चाहिए।  स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है, पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

वृश्चिक : लोग आपकी बातों का गलत मतलब निकाल रहे हैं। इसलिए अपनी बातों को बहुत स्पष्टता के साथ रखना होगा। वाणी पर इस दौरान संयम रखें नहीं तो रिश्ता खराब हो सकता है। इस गोचर के दौरान यदि अच्छे फल प्राप्त करना चाहते हैं तो मेहनत जारी रखें और मन में शांति बनाए रखें।

धनु : सामाजिक स्तर पर भी आप अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे और दोस्तों या जान-पहचान के लोगों से आपको लाभ की प्राप्ति होगी। दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा लेकिन आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य आपकी परेशानी का सबब बन सकता है। जो सांझेदारी में व्यापार कर रहे हैं उन्हें व्यापार में फायदा मिलने की पूरी संभावना है। अपने व्यापार को फैलाने के बारे में भी इस अवधि में विचार कर सकते हैं।

मकर : पारिवारिक जीवन में इस दौरान आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। छोटी-छोटी बातों को लेकर घर के लोगों से मनमुटाव हो सकता है। परिणामों की प्राप्ति के लिए आपको दोगुनी मेहनत करनी पड़ेगी। इसलिए इस दौरान आलस्य को त्याग कर आगे बढ़ते रहें। आपके विरोधी भी इस दौरान सक्रिय रहेंगे और उनके द्वारा आपके खिलाफ साजिश हो सकती है।

कुंभ : विवाहित लोगों को अपनी संतान से लाभ की प्राप्ति होगी। आपके बच्चे कुछ ऐसा कर सकते हैं जिससे समाज में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। यदि आपकी माता नौकरी पेशा हैं तो उनको भी लाभ होने की संभावना है। प्रॉपर्टी के क्रय-विक्रय से भी आप फायदे में रहेंगे। यदि आप किसी से प्रेम करते हैं या शादीशुदा हैं तो अपने पार्टनर के सामने खुलकर अपनी बातें रखें, इससे उनको खुशी होगी।

मीन :  मानसिक रूप से आप शांत रहेंगे लेकिन माता का स्वास्थ्य आपको परेशान कर सकता है। कुछ परेशानियों का सामना कार्यक्षेत्र में करना पड़ सकता है। खांसी, जुकाम जैसी छोटी-मोटी बीमारियां आपको परेशान करेंगी। इस अवधि में आपको ठंडे पदार्थ को खाने से बचना चाहिए, नहीं तो समस्या और बढ़ सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News