Shri Radha Rani Temple Barsana : राधे-राधे की गूंज और गुलाल का गुबार ! बरसाना में 'हाउसफुल' हुए लाडली जी के द्वार, प्रशासन ने लागू किया वन-वे प्लान
punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 12:15 PM (IST)
Shri Radha Rani Temple Barsana : विश्व प्रसिद्ध बरसाना मंदिर से एक बड़ी और उल्लासपूर्ण खबर सामने आ रही है। होली के पावन अवसर पर ब्रज की गलियां रंगों और श्रद्धा के सैलाब में डूब गई हैं। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। मंदिर की ओर जाने वाली संकरी गलियों में दबाव कम करने के लिए प्रशासन ने पूरे रास्ते को वन-वे कर दिया है। सुदामा चौक से मंदिर की सीढ़ियों तक केवल प्रवेश की अनुमति है, जबकि निकासी के लिए अलग रास्ता तय किया गया है।
पूरा बरसाना कस्बा अबीर-गुलाल की चादर से ढक गया है। श्रद्धालु राधे-राधे के जयघोष के साथ एक-दूसरे पर रंग डाल रहे हैं। मंदिर परिसर में पुजारियों द्वारा भक्तों पर केसरिया रंग और गुलाल बरसाया जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 4500 से अधिक पुलिसकर्मी और पीएसी की टुकड़ियां तैनात हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। बरसाना की ओर आने वाले सभी भारी वाहनों को कस्बे से काफी दूर ही रोक दिया गया है, ताकि पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो।
भक्तों का उत्साह
भले ही भीषण भीड़ के कारण सीढ़ियों पर चढ़ने में घंटों लग रहे हैं, लेकिन भक्तों के चेहरे पर थकान की जगह सिर्फ मुस्कान और भक्ति का भाव है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बार की भीड़ ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
