संत रविदास के माटी कलश को ढाई हजार मंदिरों में रख समरसता का संदेश देगी भाजपा

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 09:27 AM (IST)

नई दिल्ली (निशांत राघव/ नवोदय टाइम्स): आगामी नगर निगम व अन्य राज्यों के चुनाव से पहले संत रविदास के माटी कलश को लेकर 5 से 15 सितम्बर तक दिल्ली प्रदेश भाजपा सभी 256 मंडलों में शोभा यात्रा निकालेगी। लगभग ढाई हजार मंदिरों में भी भजन कीर्तन व जागरण के माध्यम से गुरु रविदास के समरसता संदेश को प्रसारित करने में जुटेगी।  योजना है कि आने वाले दिनों में संवाद-गोष्ठी में भी संत रविदास के विचारों को लोगों के बीच अधिक से अधिक पहुंचाया जाएगा। ताकि दलित व पिछड़े वर्ग में भाजपा के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके।

प्रदेश महामंत्री मोहन लाल गिहारा ने कहा कि गुरु रविदास के माटी कलश के साथ सभी वर्ग में यह संदेश देने की कोशिश होगी कि संत रविदास के विचार केवल एक वर्ग अथवा जाति तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके विचारों व आदर्श आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। संत रविदास के समरसता संदेश को प्रसारित करने को प्रदेश भाजपा शनिवार 5 सितम्बर से सभी 256 मंडलों में विभिन्न स्थान पर शोभा यात्रा निकालेगी। 

मोहन लाल गिहारा ने कहा कि हरेक मंडल में आने वाले 10-10 मंदिरों में गुरू रविदास के माटी कलश को रखा जाएगा। जहां विभिन्न वर्ग की महिला समूह भजन-कीर्तन करेंगी और संतों का सम्मान भी होगा। गिहारा ने बताया कि संत रविदास के जीवन व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा गुरु रविदास के स्थलों पर किये कार्य का उल्लेख किया जाएगा। विधायक, निगम पार्षद, मण्डल के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ त्रिदेव, पन्ना प्रमुखों एवं अन्य कार्यकर्ता भी इसमें शामिल रहेंगे।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News