‘दीपथून’ पर दीप जलाने के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची तमिलनाडु सरकार
punjabkesari.in Monday, Nov 23, 2026 - 11:57 AM (IST)
नई दिल्ली (एजैंसी): तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर पुनर्विचार करने का अनुरोध करते हुए शीर्ष अदालत का रुख किया है, जिसमें मदुरै की तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर 24 नवम्बर को एक बार के लिए पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम दीप’ जलाने की अनुमति दी गई थी। तमिलनाडु के हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के आयुक्त ने 21 नवम्बर को पुनर्विचार याचिका दायर की थी। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को एक बार के लिए 24 नवम्बर को ‘दीपथून’ पर पारंपरिक ‘कार्तिगई दीपम दीप’ जलाने की अनुमति दी थी।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा था कि केवल देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) के अधिकृत व्यक्ति और सरकारी अधिकारी ही दीप जलाने के लिए वहां जा सकते हैं। पीठ ने प्राधिकारियों को जरूरत पड़ने पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने का निर्देश भी दिया था।
शीर्ष अदालत ने आम लोगों के वहां जाने पर रोक लगा दी थी और कहा था कि दीप जलाने के समारोह के दौरान कोई जलूस, सार्वजनिक जमावड़ा, नारेबाजी या प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। हालांकि, शीर्ष अदालत ने फैसले के उन हिस्सों पर रोक लगा दी थी, जिनमें ‘दीपथून’ पर दीप जलाने की परंपरा बहाल करने के निर्देश को बरकरार रखा गया था। शीर्ष अदालत ने कहा कि दीप जलाने का काम विशेष रूप से देवस्थानम (मंदिर प्रशासन) द्वारा अधिकृत व्यक्तियों का एक दल ही करेगा।
