राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सी.ई.ओ. बने पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा, ऑप्रेशन सिंदूर के दौरान पश्चिमी वायुसेना कमान का किया था नेतृत्व

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 07:36 AM (IST)

अयोध्या (एजैंसी): ‘ऑप्रेशन सिंदूर’ के दौरान पश्चिमी वायुसेना कमान का नेतृत्व करने वाले एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्रा को बुधवार को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सी.ई.ओ.) नियुक्त किया गया। मणिराम दास छावनी में हुई ट्रस्ट की तीसरी बैठक में यह फैसला लिया गया। 

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने बताया कि सी.ई.ओ. पद के लिए 5,585 आवेदन मिले थे। इनमें से 3 उम्मीदवारों का पैनल तैयार किया गया था, जिसमें से जितेंद्र मिश्रा का चयन किया गया। सी.ई.ओ. के कामकाज के लिए आने वाले दिनों में मानक संचालन प्रक्रिया (एस.ओ.पी.) तैयार की जाएगी, जिसमें उनके अधिकार, कर्तव्य और जिम्मेदारियां तय होंगी।

जितेंद्र मिश्रा 6 दिसम्बर 1986 को भारतीय वायुसेना की फाइटर स्ट्रीम में शामिल हुए थे। वह 30 अप्रैल 2026 को सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने 3 हजार घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव हासिल किया है। अपने करियर में वह एक फाइटर स्क्वाड्रन और 2 फ्रंटलाइन एयरबेस की कमान संभाल चुके हैं। वह चीफ टेस्ट पायलट और ए.एस.टी.ई. के कमांडैंट भी रहे। 

देवरिया के रहने वाले मिश्रा ने वायुसेना मुख्यालय में कई वरिष्ठ पदों पर काम किया। एक जनवरी 2025 को पश्चिमी वायुसेना कमान का कार्यभार संभालने से पहले वह इंटीग्रेटेड डिफैंस स्टाफ (ऑप्रेशन्स) के उप प्रमुख थे। ऑप्रेशन सिंदूर में भूमिका के लिए उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मैडल से सम्मानित किया गया था। उन्हें अति विशिष्ट सेवा मैडल और विशिष्ट सेवा मैडल भी मिल चुका है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News