Ram Mandir news: राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के लिए शुरू हुए साक्षात्कार

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 10:10 AM (IST)

अयोध्या (एजैंसी): अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार मंगलवार को शुरू हुआ। ट्रस्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एक उच्चाधिकारी प्राप्त समिति द्वारा 5200 आवेदकों में से चुने गए 18 उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जा रहा है। अभ्यर्थियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।  

अधिकारी ने बताया कि सभी 18 उम्मीदवार सोमवार देर रात अयोध्या पहुंचे और ट्रस्ट द्वारा बताई गई जगहों पर ठहरे। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार की यह प्रक्रिया अयोध्या में राम मंदिर के तीर्थयात्री सुविधा केंद्र के सम्मेलन कक्ष में हो रही है। मंदिर ट्रस्ट के सूत्रों ने बताया कि उम्मीदवार पूर्वाह्न करीब नौ बजे राम मंदिर परिसर पहुंचे और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई। 

सूत्रों ने बताया, ‘प्रत्येक उम्मीदवार ने अयोध्या हवाई अड्डे पर अपने आने का कार्यक्रम ट्रस्ट को भेजा था जिसके बाद ट्रस्ट द्वारा उन्हें हवाई अड्डे से अलग-अलग गाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया।’ 

सूत्रों के मुताबिक 18 उम्मीदवारों में पूर्व नौकरशाह और दक्षिण भारत के मंदिरों में वरिष्ठ पदों पर रहे लोग शामिल हैं। साक्षात्कार समिति इन 18 आवेदकों में से तीन नाम तय करके मंदिर ट्रस्ट को भेजेगी और ट्रस्ट किसी एक नाम पर अंतिम निर्णय लेगा। 

साक्षात्कार समिति में उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और पूर्व वैज्ञानिक सुरेश हवारे शामिल हैं।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News